जमशेदपुर: हाथियों ने घर तोड़े और अनाज किया नष्ट, 2 महिलाएं घायल

    जमशेदपुर: हाथियों ने घर तोड़े और अनाज किया नष्ट, 2 महिलाएं घायल

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले के कई ग्रामीण इलाकों में हाथियों का झुंड लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. रात होते ही गांवों में हाथियों के आने से लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं. सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल, ईचागढ़ और कुकडू क्षेत्र में हाथियों का झुंड लगातार गांवों में घुसकर घरों को नुकसान पहुंचा रहा है. वहीं पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया, बहरागोड़ा, घाटशिला और गुड़ाबांधा में भी हाथियों का उत्पात जारी है. कई जगह अकेला हाथी तो कई जगह पूरे झुंड के साथ गांवों में घुसकर तोड़फोड़ कर रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि हाथी सिर्फ घरों को ही नहीं तोड़ रहे, बल्कि खेतों में लगी फसलें भी पूरी तरह बर्बाद कर रहे हैं. गरमा धान और सब्जी की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है. लगातार हो रहे नुकसान से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है. लोगों का आरोप है कि हाथियों को गांवों से दूर रखने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. हाथियों के हमले में कई लोगों की जान भी जा चुकी है. चांडिल और घाटशिला में हाथियों ने दो घरों को तोड़ा है. इसमें 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई है. दोनों का इलाज चल रहा है. इधर, चाकुलिया के गौशाला में भी तीन हाथियों ने डेरा डाल रखा है. हाथी आम और कटहल की फसल को भारी नुकसान पहुंचा रहे है.

    महिला पर गिरा मलवा, बाल- बाल बचा परिवार
    चांडिल के कुकड़ू प्रखंड स्थित आदरडीह चौका गांव में बीती रात एक हाथी ने हमला बोल दिया. हाथी ने ग्राम प्रधान गुरुपद गोप के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया. गुरुपद गोप अपना परिवार को लेकर घर के अंदर सोए थे. इस घटना में इनका परिवार बाल-बाल बच गया. हालांकि उनकी पत्नी निबू गोप इसमें गंभीर रूप से घायल हो गई. गुरुपद गोप अपनी विवाहित बेटी एवं बच्चों को भी किसी तरह बचा लिया. घर तोड़ने के बाद हाथी घर में घुसा और अनाज को चट कर गया. चावल छींट का बर्बाद कर दिया. ग्रामीण एकजुट हुए और किसी तरह जंगली हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा. इधर, हाथी ने जब घर तोड़ा तो घर का मलवा निबू गोप पर जा गिरा. इसमें महिला के सीने में अंदरूनी चोट आई है. पैर में भी गंभीर चोट लगी है.  ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास के जंगल में कई हाथी शरण लिए हुए. सिंगल हाथी के अलावा झुंड में हाथियों का एक दल यहां विचरण कर रहा है. 

    घाटशिला में भी घर तोड़ा, महिला घायल
    पूर्वी सिंहभूम जिल के घाटशिला वन क्षेत्र में भी जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है. डाइनमारी गांव में हाथियों ने मानी हेंब्रम का घर तोड़ दिया हैं. इसमें महिला गंभीर रूप से घायल हुई है. 20 से 25 हाथियों के एक झुंड ने देर रात घर पर हमला कर भारी नुकसान पहुंचाया. हाथियों ने घर की दीवार तोड़ दी और छत को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. अचानक हुए हमले से परिवार के लोग घबराकर बाहर भागने लगे. इसी दौरान गिरती दीवार के मलबे की चपेट में आने से मानी हेंब्रम घायल हो गईं. ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों ने घर के भीतर रखे धान को भी नहीं छोड़ा. दीवार तोड़कर अंदर घुसे हाथियों ने अनाज खा लिया. घटना के बाद ग्रामीण पूरी रात जागकर पहरा देने को मजबूर रहे। ग्रामीणों के अनुसार डाइनमारी के अलावा छतरडांगा, भवकोचा और बासाडेरा क्षेत्र में भी हाथियों की आवाजाही से लोगों में भय बना हुआ है. ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों का बड़ा दल कालचीति क्षेत्र के जंगलों में डेरा डाले हुए है. दिन में झुंड जंगल में रहता है, जबकि शाम होते ही भोजन और पानी की तलाश में गांवों की ओर पहुंच जाता है. झुंड में कई बच्चे भी शामिल हैं.  वन विभाग की निगरानी के बावजूद ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है.

     



    Related News