जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित निक्को पार्क ( वाटर पार्क) में बुधवार को एक युवती के साथ छेड़खानी की घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ. घटना ने एक बार फिर वाटर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. युवती अपने परिवार के साथ वाटर पार्क घूमने और गर्मी से राहत पाने पहुंची थी. इसी दौरान नहाने के समय वहां मौजूद कुछ युवकों ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी शुरू कर दी. युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके परिजनों के साथ भी बदसलूकी की. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई. घटना के बाद वाटर पार्क परिसर में अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद अन्य लोग भी मौके पर जुट गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छेड़खानी करने वाले युवक नशे की हालत में थे. सूचना पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहित, कुणाल समेत 4 युवकों को हिरासत में लिया है. दोनों को थाना ले जाकर पूछताछ की जा रही है. जिस युवती के साथ छेड़खानी हुई उसके पिता जमशेदपुर पुलिस में है. घटना के वक्त वे अपनी ड्यूटी पर थे. बेटी के साथ छेड़खानी की सूचना पर वे भी वाटर पार्क पहुंचे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वाटर पार्क में मौजूद कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. इधर, युवकों का कहना था कि उन्होंने कोई छेड़खानी नहीं की है. स्लाइड करने के दौरान युवती को ठोकर लग गई है जिससे विवाद बढ़ गया. हालांकि, युवक नशे की हालत में दिखे.

