जमशेदपुर ब्रेकिंग: पत्नी की हत्या के आरोप में पति की धुनाई, 15 घंटे से गांव में पड़ा है महिला का शव

    जमशेदपुर ब्रेकिंग: पत्नी की हत्या के आरोप में पति की धुनाई, 15 घंटे से गांव में पड़ा है महिला का शव

    जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. बाकी पंचायत के पुखुरिया गांव स्थित जानूमडीह टोला में एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद गांव में हिंसा भड़क गई. पत्नी की मौत का आरोप पति पर लगा, जिसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने आरोपी पति की जमकर पिटाई कर दी.

    गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृत महिला की पहचान साकरो मुर्मू (35) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात साकरो मुर्मू और उसके पति संग्राम मुर्मू के बीच घरेलू विवाद हुआ था. दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक रूप ले लिया. मायके वालों का आरोप है कि संग्राम मुर्मू ने डंडे से हमला कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. महिला का शव 15 घंटे से अधिक समय से गांव में ही पड़ा है.

    देर से पुलिस को मिली जानकारी 
    हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद रविवार शाम तक पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी गई. स्थानीय स्तर पर मामले को दबाने और आपसी समझौते से निपटाने की कोशिश की जा रही थी. इसी बीच महिला की मौत की खबर उसके मायके आसना गांव पहुंच गई. सूचना मिलते ही रविवार शाम मृतका के परिजन और ग्रामीण पुखुरिया गांव पहुंचे. वहां पहुंचते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. मायके वालों ने संग्राम मुर्मू को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में उसे इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. यहां से उसे  बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं, घायल संग्राम मुर्मू ने पत्नी की हत्या के आरोप से इनकार किया है. उसका कहना है कि शनिवार रात दोनों नशे में थे और कहासुनी के बाद वह घर के अंदर सो गया था. उसकी पत्नी बाहर थी. सुबह उठने पर उसने पत्नी को घर के बाहर मृत अवस्था में पड़ा देखा. संग्राम ने आरोप लगाया कि रविवार शाम उसके ससुर मंगल टुडू, साला प्रभात टुडू और अन्य रिश्तेदारों ने उस पर जानलेवा हमला किया. 

    अभी तक गांव में ही है महिला का शव
    महिला का शव अभी तक गांव में ही है. जानकारी के अनुसार महिला के मौत को लेकर दोनों गांव के ग्राम प्रधान की बैठक सोमवार को की जाएगी. उसके बाद ही शव उठाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा. वहीं, पुलिस अब महिला की मौत और पति पर हुए हमले दोनों मामलों की जांच कर रही है. पुलिस घटनास्थल भी गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. मृतका अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई है. दो परिवारों के बीच हुई इस हिंसक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही महिला के मौत का कारण स्पष्ट होगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


     



    Related News