Weather Alert: आज भी बदला रहेगा झारखंड का मौसम,बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

    Weather Alert: आज भी बदला रहेगा झारखंड का मौसम,बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है.राज्य के विभिन्न जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का सिलसिला जारी है. गरज-चमक और तेज हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है.कई इलाकों में रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है और कुछ स्थानों पर लोग कंबल का सहारा लेने को मजबूर है. वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है, जिससे लोगों को उमस और तापमान की परेशानी झेलनी पड़ रही है.

    पढ़े आज के मौसम का हाल 

    मौसम विभाग ने 4 मई यानी आज के लिए ताजा अपडेट जारी किया है. विभाग के अनुसार आज भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है.कुछ जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है.

    7 मई तक बारिश का अलर्ट 

    मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह बदला हुआ मौसम 7 मई तक जारी रह सकता है.इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें.किसानों के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की गई है. बारिश और तेज हवाओं के समय खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके.

    पढ़े अपने जिले का तापमान 

    रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस की संभावना है.जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहसकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री,जबकि देवघर में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस,तो वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.वहीं मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री जा सकता है.



    Related News