जमशेदपुर: डिमना लेक में बनेंगे 10 आधुनिक गेस्ट हाउस, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

    जमशेदपुर: डिमना लेक में बनेंगे 10 आधुनिक गेस्ट हाउस, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल डिमना लेक आने वाले दिनों में पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक बनने जा रहा है. यहां घूमने आने वाले लोगों को अब ठहरने की बेहतर सुविधा भी उपलब्ध कराईं जाएगी. वन विभाग यहां 10 आधुनिक गेस्ट हाउस बनाने की तैयारी कर रहा है. इससे यहां पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है. प्रस्तावित गेस्ट हाउसों में पर्यटकों की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. प्राकृतिक वातावरण के बीच बनाने वाला ये गेस्ट हाउस पर्यटकों को शांत और आरामदायक प्रवास का अनुभव देगा. डिमना लेक अपनी खूबसूरत वादियों, हरियाली और मनमोहक जलाशय के लिए पहले से ही लोगों के बीच लोकप्रिय है. ऐसे में यहां ठहरने की व्यवस्था होने से दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होने की संभावना है. वन विभाग की इस पहल से केवल पर्यटन को ही बढ़ावा नहीं मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. माना जा रहा है कि गेस्ट हाउसों के निर्माण के बाद डिमना लेक झारखंड के प्रमुख ईको-टूरिज्म स्थलों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा. यहां आधुनिक गेस्ट हाउस बनाने के लिए 6 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.

    लेक के किनारे बनेंगे गेस्ट हाउस 
    सभी 10 गेस्ट हाउस लेक के किनारे कुटिमाकुली में बनेंगे. लेक के किनारे गेस्ट हाउस होने से लोग लेक का आनंद ले सकेंगे. वन विभाग जल्द इस योजना का शिलान्यास करेगा. 5 से 6 महीने में गेस्ट हाउस का निर्माण पूर्ण होने का दावा वन विभाग कर रहा है. डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां 10 आधुनिक गेस्ट हाउस बनाए जाएंगे. प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है. मंजूरी मिलते ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. डिमना लेक शहर का महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है. यहां घूमने आने वाले लोगों के लिए ठहरने की व्यवस्था होने से लोगों की संख्या यहां और बढ़ेगी.

    3 राज्यों के लोग यहां आते है घूमने
    डिमना लेक में झारखंड के अलग-अलग क्षेत्रों के अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लोग भी घूमने आते है. इस लेक का निर्माण 1944 टाटा स्टील द्वारा कराया गया था. यह शहर का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है. करीब 5.5 वर्ग किमी में फैला डिमना लेक पहाड़ और जंगल से घिरा है. यहां लोगों के लिए बोटिंग की सुविधा भी है. अब यहां गेस्ट हाउस बन जाने से पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी. 
      



    Related News