जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में करीब 22 हजार परिवार इस भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं. इन परिवारों के बीच पिछले 48 घंटे से जलापूर्ति नहीं हुई है. इसके कारण मंगलवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोग हांडी-डेगची लेकर शेषनगर स्थित जलमीनार (पानी टंकी) पहुंचे और जलापूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह ने किया. प्रदर्शन में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी. खबर लिखे जाने तक लोगों का प्रदर्शन जारी था और लोग जलापूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे थे. गोविंदपुर स्थित जलापूर्ति योजना से गोविंदपुर और परसुडीह के 22 पंचायत में जलापूर्ति होती है. लेकिन पिछले 48 घंटे से इन पंचायतों में जलापूर्ति नहीं हुई है. दो दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. घरों में दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं. पानी नहीं मिलने के कारण भीषण गर्मी में स्थिति और गंभीर हो गई है.
विभाग के खिलाफ की नारेबाजी
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पेयजल विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हर हाल में पानी देने की मांग की. जिला परिषद सदस्य ने कहा कि पानी नहीं मिलने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जलापूर्ति बाधित होने से हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं. उन्होंने कहा विभागीय अधिकारी बिजली आपूर्ति बाधित होने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलापूर्ति सामान्य नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. जिला परिषद सदस्य ने कहा कि गोविंदपुर जलापूर्ति योजना शुरू से ही विवादों में रहा है. 48 घंटे से पानी नहीं मिलने से करीब डेढ़ लाख लोग प्रभावित है.

