लोहरदगा(LOHARDAGA): राहुल गांधी की सदस्यता और दो साल की हुई सजा को लेकर कांग्रेस पार्टी बौखलाई हुई है. कांग्रेस नेता बीजेपी के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. पूरे देश सहित झारखंड में भी कांग्रेस की ओर से लगातार विरोध जताया जा रहा है. बुधवार को झारखंड के लोहरदगा जिले से कांग्रेस पार्टी की ओर से‘जय भारत सत्याग्रह’ सभा की शुरुआत की गई. मुख्यालय मैदान में कांग्रेस के बड़े नेताओं का महाजुटान हुआ. जिसमे झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर मंत्री बादल पत्रलेख, डॉ रामेश्वर उरांव, राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी,बंधू तिर्की, पूर्व विधायक सुखदेव भगत के साथ हजारों की संख्या में कांग्रेस पार्टी के समर्थक शामिल हुए.
बीजेपी के खिलाफ क्या बोल गये कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष
बीजेपी के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने देश में अडाणी के खिलाफ जो आवाज उठाई थी,उसी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है. सरकार और अडाणी के खिलाफ बोलने के कारण उन्हें दो साल की सजा के साथ उनकी लोकसभा की सदस्यता रद्द की गई. दलित की हत्या के आरोपी जब बीजेपी के सासंद होते हैं तो उनकी सदस्यता रद्द करने में सोलह दिन का वक्त लगता है, लेकिन राहुल गांधी की सदस्यता महज 24 घंटे में चली जाती है. इससे साफ है कि देश में किस तरह लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है. लेकिन इससे कांग्रेस पार्टी पीछे नहीं हटनेवाली है. पार्टी भी पूरी ताकत के साथ बीजेपी के खिलाफ लड़ती रहेगी.और पार्टी की मजबूती पर काम निरंतर काम करती रहेगी.
झारखंड के 24 जिलों में बीजेपी के खिलाफ जारी रहेगा कांग्रेस का प्रदर्शन- अविनाश पांडेय
इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि झारखंड में 13 दिनों का कार्यक्रम है. जिसमें लगभग 2 हजार किलोमीटर की यात्रा होगी. झारखंड के 24 जिलों में जाकर कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के खिलाफ अन्यायपूर्ण फैसले के बारे में लोगों को बताने का काम करेगी. इसके साथ ही पार्टी की मजबूती पर काम किया जायेगा. बजट पर भी प्रदेश प्रभारी ने कहा कि संविधान के नियमों को ताक पर रखकर संसद में बिना किसी रायशुमारी के देश का बजट महज 12 मिनट में पास कर दिया जाता है जो दुर्भाग्यपूर्ण है. ऐसा नहीं होना चाहिए.
निलंबित तीनों विधायकों का भविष्य में वापसी की संभावनाएं-राजेश ठाकुर
कांग्रेस से निलंबित तीनों विधायकों पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तीन विधायकों को निलंबित किया गया है, न की निष्कासित. इसलिए इस पूरे मामले को पार्टी देख रही है. भविष्य में इनकी वापसी की संभावनाएं है.
रिपोर्ट: लोहरदगा ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+

