11 को सीएम के विधानसभा में होगा महाजुटान ,जानिए अमर शहीद की जयंती के अलावा क्या क्या होंगे 

    11 को सीएम के विधानसभा में होगा महाजुटान ,जानिए अमर शहीद की जयंती के अलावा क्या क्या होंगे

    धनबाद(DHANBAD): 11 अप्रैल को मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र बरहेट में बड़ी जुटान की तैयारी है. अमर शहीद सिदो  कान्हू  मुर्मू की जयंती 11 अप्रैल को मनेगी.  कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन सहित झारखंड के कई बड़े नेता  पहुंचकर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.  इसके बाबत बैठकों का दौर जारी है.  कार्यकर्ता भी उत्साहित है.  झारखंड मुक्ति मोर्चा को अपनी ताकत दिखाने का मौका भी है और कार्यक्रम भी.  इसी कार्यक्रम में कद्दावर नेता व पूर्व सांसद हेमलाल मुर्मू  भाजपा छोड़कर झामुमो का दामन थामेंगे. 

    रांची में सुप्रीमो शिबू सोरेन से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया
     
    वैसे, झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल होने से पहले पूर्व सांसद हेमलाल मुर्मू ने मंगलवार को रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा सुप्रीमो शिबू सोरेन से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया.  हेमलाल मुर्मू और गुरुजी के बीच लगभग 40 मिनट तक बातचीत हुई.  गुरुजी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा में उनकी वापसी का स्वागत करते हुए पार्टी संगठन हित में काम करने का आशीर्वाद दिया.  बकौल हेमलाल मुर्मू गुरु जी से मिलकर संगठन के लिए काम करने की नई ऊर्जा मिली है.  11 अप्रैल को वह भोगनाडीह में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा में विधिवत शामिल हो जाएंगे. 

    बरहेट से चार बार विधायक रह चुके है हेमलाल मुर्मू 

    झारखंड का संथाल परगना भाजपा और झारखंड मुक्ति मोर्चा दोनों के प्राथमिकता सूची में है. झारखंड मुक्ति मोर्चा का तो संथाल परगना आधार ही है लेकिन भाजपा इसमें लगातार सेंध मारने की कोशिश कर रही है. इधर,  राजमहल सीट से भाजपा के टिकट पर दो बार लोकसभा चुनाव लड़ने वाले क्षेत्र के कद्दावर नेता हेमलाल मुर्मू अब फिर से झारखंड मुक्ति मोर्चा में चले जाएंगे.  बरहेट  सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर हेमलाल मुर्मू 1990, 1995, 2000 और 2009 में विधायक रह चुके हैं. 2004 में झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर कांग्रेस से दोस्ताना संघर्ष के बीच राजमहल सीट से सांसद बने थे. 2014 के लोकसभा चुनाव के ठीक पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे. लेकिन अब फिर घर वापसी कर रहे हैं.

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 



    Related News