धनबाद में जनता के वोट से चुने गए पार्षद बुधवार को चुनेंगे डिप्टी मेयर: चुनाव के पहले सब तरफ शांति -शांति,वजह क्या है

    धनबाद में जनता के वोट से चुने गए पार्षद बुधवार को चुनेंगे डिप्टी मेयर: चुनाव के पहले सब तरफ शांति -शांति,वजह क्या है

    धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम का इतिहास 2006 से शुरू होता है.  उसके पहले धनबाद में नगरपालिका थी.  1988 के बाद नगर पालिका का चुनाव नहीं हुआ.  2010 में पहली बार धनबाद नगर निगम का चुनाव हुआ.  फिर 2015 में नगर निगम का चुनाव कराया गया.  उसके बाद सीधे 2026 में नगर निगम का चुनाव हुआ.  2010  में तो जनता के वोट से डिप्टी मेयर चुने गए थे.  दिवंगत कांग्रेसी नेता नीरज सिंह डिप्टी मेयर बने थे.  उसके बाद फिर 2015 में डिप्टी मेयर का चुनाव जनता के वोट से जीते पार्षदों ने किया था.  अंत अंत तक राजनीति चलती रही.  खेल पर खेल होता रहा.  अंत में  नीरज सिंह के भाई एकलव्य सिंह डिप्टी मेयर बन गए.  2026 में भी डिप्टी मेयर का चुनाव कल यानी बुधवार को होना है.

      इस बार गजब की शांति है.  सब कुछ फाइनल हो गया है.  कौन जीतेगा, कौन किसको वोट देगा, सब कुछ फाइनल है और यही वजह है कि शांति कायम है.  दावा किया जा रहा है कि एक उम्मीदवार के पक्ष में 40 से अधिक पार्षद खड़े हो गए है.  इस वजह से लड़ाई एकतरफ़ा  हो गई है.  चुनाव लड़ने के अन्य रेस  पीछे हट गए हैं.  वह गुणा -भाग में अपने को फिट नहीं पा रहे हैं.   कहा तो यह भी जा रहा है कि जिस के समर्थन में 40 से अधिक पार्षद आए हैं, उसकी पीठ पर नवनिर्वाचित मेयर  संजीव सिंह का भी हाथ है.  ऐसे में लोग बेवजह किसी प्रकार का तनाव लेना नहीं चाह  रहे है. 

     धनबाद में चाहे जिला परिषद के अध्यक्ष का चुनाव हो अथवा 1988 में धनबाद नगर पालिका के अध्यक्ष का चुनाव हो, इतनी शांति नहीं देखी गई थी.  शायद 2026 पहला ऐसा मौका है, जहां सब कुछ शांति -शांति ही है.  बुधवार को वोटिंग होगी फिर "शांति" का परिणाम भी सबके सामने होगा। बता दे कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 में धनबाद नगर निगम के महापौर एवं वार्ड पार्षद तथा चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद आगामी 18 मार्च 2026 को शपथ ग्रहण करेंगे।   धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर एवं वार्ड पार्षदों के साथ 18 मार्च 2026 को 10:00 बजे पूर्वाह्न में समाहरणालय के प्रथम तल पर स्थित सभाकक्ष तथा चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद के लिए समाहरणालय के तृतीय तल पर स्थित कमरा नंबर 314 में बैठक आयोजित की जाएगी, तत्पश्चात उन्हें शपथ दिलाई जाएगी। 

     धनबाद नगर निगम के उप महापौर व चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष के लिए 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया जाएगा।  दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की जाँच  की जाएगी, वहीं दोपहर 1:00 बजे से 1:30 तक विधि मान्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी।  दोपहर 1:30 बजे से 1:45 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित रहेगा।    1:45 बजे से 2:15 बजे तक मत पत्र की तैयारी की जाएगी, वहीं दोपहर 2:15 बजे से 3:00 बजे तक धनबाद नगर निगम के उप महापौर व चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष के लिए मतदान होगा।  दोपहर 3:00 बजे से 3:15 बजे तक मतगणना की जाएगी, वहीं 3:15 बजे से 3:30 बजे तक निर्वाचन परिणाम की घोषणा एवं निर्वाचन प्रमाण पत्र 42 में तामिला के लिए समय निर्धारित है.  तत्पश्चात दोपहर 3:30 बजे से 4:00 बजे तक धनबाद नगर निगम के उप महापौर एवं चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण होगा। 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news