रामगढ़ (RAMGARH): जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है. एक नाबालिग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने इलाके को झकझोर दिया है. घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की.
मिली जानकारी के अनुसार, 30 मार्च की शाम बारलोंग इलाके के एक सुनसान स्थान पर तीन युवकों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद युवती किसी तरह घर पहुंची, जिसके बाद परिजनों को पूरी जानकारी दी गई. इसके बाद परिवार ने तुरंत रजरप्पा थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में एसआई निरंजन सिंह, अशोक कुमार सिंह, रंजीत महतो और मो. इकबाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस ने बिना देरी किए चितरपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपी अयान अनवर, मो. तौफिक और मो. असफाक को गिरफ्तार कर लिया. तीनों युवक चितरपुर के अलग-अलग मोहल्लों के निवासी बताए जा रहे हैं. गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की गई और फिर 31 मार्च को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है, ताकि मामले से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Thenewspost - Jharkhand
4+


