राजगंज में हथियारों के साथ चार अपराधी गिरफ्तार, बड़ी आपराधिक साजिश को पुलिस ने किया नाकाम

    राजगंज में हथियारों के साथ चार अपराधी गिरफ्तार, बड़ी आपराधिक साजिश को पुलिस ने किया नाकाम

    धनबाद (DHANBAD): धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियारों से लैस चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को विफल कर दिया है. इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है.

    शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी राजगंज क्षेत्र में किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर राजगंज और तेतुलमारी थाना की संयुक्त टीम गठित की गई.

    पुलिस टीम ने राजगंज–तेतुलमारी मुख्य सड़क पर सोनदाहा बस्ती के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान देर रात करीब 11.45 बजे तेतुलमारी की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते हुए दिखाई दिए. पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे अचानक बाइक मोड़कर तेजी से सोनदाहा बस्ती की ओर भागने लगे.

    पुलिस ने पीछा किया और भागने के दौरान सभी आरोपी असंतुलित होकर गिर पड़े. इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही चारों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम की पांच जिंदा गोलियां, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं.

    ग्रामीण एसपी के अनुसार पूछताछ में चारों आरोपियों ने 10 जनवरी 2026 को तेतुलमारी थाना क्षेत्र के तिलाटांड़ गांव के पास किराना दुकानदार अर्जुन महतो पर फायरिंग और लूटपाट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकु मंडल उर्फ टुनटुन मंडल, रवि महतो उर्फ बिल्लु, समशुल अंसारी उर्फ चांद और गौतम धीवर उर्फ बाबा के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि इनमें से कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वहीं इस मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news