पुलिस मुठभेड़ के बाद भी नहीं थमा आतंक, राहुल दुबे गैंग ने फिर पतरातू अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में की फायरिंग

    Ramgarh, Jharkhand
    पुलिस मुठभेड़ के बाद भी नहीं थमा आतंक, राहुल दुबे गैंग ने फिर पतरातू अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में की फायरिंग

    Ramgargh: रामगढ़ जिले के पतरातू औद्योगिक क्षेत्र में एक बार फिर दहशत फैलाने वाली फायरिंग की घटना सामने आई है. अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के गेट पर हाल ही में अज्ञात अपराधियों द्वारा करीब 8 राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. फायरिंग के निशान फैक्ट्री के गेट पर देखे गए, जिन्हें हटाने की प्रक्रिया प्रबंधन द्वारा शुरू कर दी गई है. इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

    पुलिस के अनुसार, इस ताजा घटना के पीछे राहुल दुबे गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी. घटना के बाद पुलिस ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

    इससे पहले, 6 अप्रैल को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें गिरोह के सक्रिय सदस्य सोनू सिंह को गोली लगी थी. बताया गया कि वह पुलिस को देखकर भागने लगा और फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हो गया. फिलहाल उसका इलाज रांची में पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है.

    इस मुठभेड़ से कुछ दिन पहले, 5 अप्रैल को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के सात अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इसके बावजूद गिरोह की गतिविधियाँ पूरी तरह खत्म नहीं हुईं और लगातार क्षेत्र में तनाव बना रहा.

    इससे पहले 3 अप्रैल को ओसामा दूध फैक्ट्री के गेट पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से कई राउंड फायरिंग की गई थी, जिससे स्थानीय उद्योगों में भय का माहौल बन गया था. वहीं 29 मार्च को पतरातू रेलवे ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर हुई फायरिंग में एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था, जिसने पूरे मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया था.

    लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक ने इसे चुनौती के रूप में लिया है. पतरातू एसडीपीओ कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर राहुल दुबे गिरोह पर शिकंजा कसने की कार्रवाई तेज कर दी गई है.

    पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी की जा रही है. वहीं, औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.

    रिपोर्ट: अनुज कुमार.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news