धनबाद(DHANBAD): कोयले की "आग" में एक बार फिर बुरी तरह झुलसने लगा है कोयलांचल, बीसीसीएल के लिए यह एक बड़ी समस्या और चुनौती है. सीआईएसएफ के लिए भी चैलेंज है ,तो पुलिस के लिए भी कम चुनौती नहीं है. कोयला अधिकारी लगातार पीटे जा रहे हैं, कहीं सीआईएसएफ के जवान पीटे जा रहे हैं. ब्लॉक दो एरिया में 2 दिन पूर्व बीसीसीएल के दो महाप्रबंधकों की बेरहमी से पिटाई की गई . उनका कॉलर पकड़कर गाड़ी से खींच लिया गया. उनका अपहरण करने की भी कोशिश की गई. इस मामले में 15 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है. पुलिस जांच -पड़ताल में जुट गई है.
कुसुंडा एरिया की गोधर काली बस्ती में भी हंगामा
इधर, शनिवार को कुसुंडा एरिया की गोधर काली बस्ती के समीप स्थिति बिगड़ गई. एटक के 50 से अधिक समर्थकों ने प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने उत्पादन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मियों के साथ मारपीट की. प्रदर्शनकारियों ने कंपनी के साइट इंचार्ज इंजीनियर बबलू पात्रो और जब जेसीबी चालक की पिटाई कर दी. यह सब हुआ एनजीकेसी परियोजना में. पुलिस ने जब मोर्चा संभाला तब हमलावर ठंढे पड़े. हालांकि इस मामले में यूनियन और प्रबंधन के अलग-अलग दावे हैं. दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की है.
महाप्रबंधक समन्वय समिति की बैठक में छाया रहा मुद्दा
इधर, शनिवार को बीसीसीएल महाप्रबंधक समन्वय समिति की बैठक हुई. इस बैठक में अधिकारियों की सुरक्षा का मामला छाया रहा. बैठक में खदानों से कोयला चोरी एवं हिंसक घटनाओं को लेकर "शून्य सहिष्णुता" की नीति के सख्त अनुपालन पर जोर दिया गया. सीआईएसएफ के डीआईजी के साथ भी बातचीत हुई. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया. बीसीसीएल के सीएमडी ने कहा कि असामाजिक तत्वों का उत्पात किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीआईएसएफ ने ब्लॉक दो में किया फ्लैग मार्च
बताया जाता है कि शनिवार को सीआईएसएफ ने ब्लॉक दो क्षेत्र के संवेदनशील इलाके में फ्लैग मार्च किया। यह कार्यक्रम दूसरे क्षेत्र में भी करने की योजना है. कोयला अधिकारियों और मजदूरों में विश्वास पैदा करने का सीआईएसएफ ने यह अभियान शुरू किया है. इधर ब्लॉक दो में दो महाप्रबंधकों के साथ हुई घटना से कोयला अधिकारी दहशत में हैं. इस मामले में सुरक्षा महाप्रबंधक की लिखित शिकायत पर पिंटू महथा समेत 15 अन्य के खिलाफ जान से मारने की नीयत से मारपीट करने , जबरदस्ती वाहन में घसीट कर बैठाने और सरकारी कार्य में बाधा पैदा करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
महाप्रबंधक ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि
महाप्रबंधक ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया है कि शुक्रवार दोपहर वह ब्लॉक 2 माइंस के 14 नंबर हाजिरी घर के समीप सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे थे. उनके साथ ब्लॉक 2 के जीएम, सीआईएसएफ के अधिकारी सहित अन्य लोग थे. हाल के दिनों में खदान में लगे सीसीटीवी कैमरे को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटनाओं के मद्देनजर वह स्थिति का जायजा ले रहे थे. इसी दौरान केसरगढ़ का पिंटू महथा 10- 15 साथियों के साथ वहां पहुंचा और उन्हें खींचते हुए काम में बाधा डालने लगा. यह भी आरोप है कि एक बार मामला सलटने के बाद दोबारा वे लोग पहुंचे और कार को रोक कर चाबी छीन ली. उन्हें अपने वाहन में बैठने की कोशिश की. जान मारने की धमकी दी गई. सीआईएसएफ की टीम ने उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर ब्लॉक दो क्षेत्रीय कार्यालय पहुँचाया।
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


