पूर्वी सिंहभूम में हाथी के कहर: चाकुलिया में वृद्धा की जान ली, गांव में दहशत

    पूर्वी सिंहभूम में हाथी के कहर: चाकुलिया में वृद्धा की जान ली, गांव में दहशत

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल के बाद अब पूर्वी सिंहभूम जिले में भी हाथियों के हमले में एक मौत की खबर सामने आई है. पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया रेंज में हाथी ने एक वृद्धा की जान ली है. घटना बड़ामारा पंचायत के चौठिया गांव स्थित बांधडीह टोला की है. यहां सोमवार सुबह महिला  दुलारी मुर्मू (75) पर हाथी ने हमला कर दिया. दुलारी मुर्मू सुबह कच्ची सड़क से होकर कहीं जा रही थीं. इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी उनके सामने आ गया. इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, हाथी ने उन पर हमला कर दिया. हाथी ने उन्हें पटक दिया और फिर अपने दांत से गंभीर रूप से घायल कर दिया. जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना को लेकर गांव व आसपास के क्षेत्र में दहशत है.

    शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
    घटना की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. वन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की. वन विभाग की ओर से मृतका के पुत्र कुशल मुर्मू को तत्काल राहत के रूप में 50 हजार रुपए दिए गए. अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित शेष मुआवजा तीन महीनों के भीतर परिवार को दे दी जाएगी. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है. 

    दोनों जिले हाथियों से प्रभावित
    सरायकेला खरसावां और पूर्वी सिंहभूम, दोनों ही जिले जंगली हाथियों से प्रभावित है. चांडिल, चाकुलिया, घाटशिला, इचागढ़, गुड़ाबांदा समेत अन्य प्रखंड हाथियों से पर प्रभावित है. चाकुलिया से पहले चांडिल में भी हाथियों में एक अधेड़ की जान ली. एक साथ 2 घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. लोगों का कहना है कि हाथियों के कारण घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीण इलाकों में हाथी अब दहशत का कारण  बन चुके हैं. 



    Related News