राजद विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर छापेमारी, जमीन विवाद और रंगदारी से जुड़ा है मामला

    राजद विधायक ओसामा शहाब  के ठिकानों पर छापेमारी,  जमीन विवाद और रंगदारी से जुड़ा है मामला

    सीवान (SIWAN): सीवान से बड़ी खबर सामने आ रही है. पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब और रघुनाथपुर के राजद विधायक हरिशंकर यादव के ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी शुरू की. DIG निलेश कुमार और SP पुरन कुमार झा के नेतृत्व में नगर और मुफ्फसिल थाने की पुलिस ओसामा के नए घर पर सुबह 8 बजे ही पहुंच गई. इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई पुलिस की यह कार्रवाई जमीन विवाद और रंगदारी से जुड़े एक मामले में अदालत से अनुमति मिलने के बाद की गई है.

    बता दें, यह पूरा मामला महादेव थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्राथमिकी से जुड़ा है, जिसमें एक डॉक्टर की कीमती जमीन पर जबरन कब्जे और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है. पुलिस अनुसंधान के दौरान साक्ष्य जुटाने के क्रम में कई रसूखदार नामों का खुलासा हुआ, जिसमें विधायक हरिशंकर यादव की संलिप्तता भी सामने आई है. इसी कड़ी में पुलिस ने विधायक के शहर स्थित आवास और उनके पैतृक गांव, दोनों जगहों पर एक साथ दबिश दी. अधिकारियों का कहना है कि यह छापेमारी विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत साक्ष्य संकलन (Evidence collection) के उद्देश्य से की जा रही है.

    छापेमारी के दौरान पुलिस ने क्या बरामद किया है, इस पर फिलहाल आधिकारिक तौर पर चुप्पी साधी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला अभी जांच के दायरे में है और बरामदगी की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी. गिरफ्तारी के सवाल पर भी सस्पेंस बरकरार है, क्योंकि पुलिस ने अभी तक किसी की हिरासत की पुष्टि नहीं की है. सीवान में इस बड़ी कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है, वहीं स्थानीय प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है.



    Related News