हम बदलेंगे  तो बदलेगा धनबाद : बड़े -बड़े अधिकरियों ने  थामा   कुदाल -टोकरी तो कैसे हुई  एक पवित्र काम की शुरुआत !! 

    हम बदलेंगे  तो बदलेगा धनबाद : बड़े -बड़े अधिकरियों ने  थामा   कुदाल -टोकरी तो कैसे हुई  एक पवित्र काम की शुरुआत !!

    धनबाद(DHANBAD):धनबाद जिले के बड़े अधिकारियों के हाथ में शनिवार को कुदाल, टोकरी और बेलचा थे.   लैपटॉप चलाने वाले, कलम चलाने वाले, आदेश और निर्देश देने वाले अधिकारियों के हाथ में कुदाल और टोकरी देखकर कुछ देर के लिए लोग भी आश्चर्य में पड़ गए.  लेकिन थोड़ी देर बाद साफ हुआ कि अधिकारी विशेष सफाई अभियान को लेकर तालाब में उतरे है.  अच्छी बात यह है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. हर एक महीने निगम क्षेत्र के किसी न किसी वार्ड के तालाब को चिन्हित कर अधिकारियों की यह टीम उसकी सफाई की कोशिश करेगी.

     इसे धनबाद में एक अच्छा संदेश भी जाएगा और अपने घरों के आगे या जहां-तहाँ  कचरा फेंकने वाले भी अपनी सोच में बदलाव लाएंगे। बता दे कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिनांक 14 मार्च 2026 को रानी तालाब, धैया में विशेष सफाई अभियान के अंतर्गत सफाई एवं वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया.  इस अवसर पर उपायुक्त  आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त  सन्नी राज, नगर आयुक्त  आशीष गंगवार, अनुमंडल पदाधिकारी  लोकेश बारंगे सहित जिले के अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर श्रमदान किया.

    कार्यक्रम में धनबाद नगर निगम के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूर्वाह्न 6:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हुए.  सभी ने मिलकर रानी तालाब परिसर की सफाई की तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण भी किया. इस अवसर पर उपायुक्त  ने धनबाद की जनता और नगर निगम की टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि नगर निगम के द्वारा रानीबांध में आज एक सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किया गया.  उन्होंने कहा कि यह स्थान शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में से एक है, जहां आज सफाई अभियान चलाकर इसे एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया है. 

    उपायुक्त ने कहा कि इसी प्रकार जिले के सभी वार्डों में एक-एक जलाशय को चिन्हित कर प्रत्येक माह एक दिन सफाई अभियान चलाने का प्रयास किया जाएगा।  उन्होंने बताया कि जिस वार्ड का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहेगा, वहां विभिन्न विकास योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए लागू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कम से कम गंदगी फैलाएं और जलाशयों में किसी भी प्रकार का कचरा, यहां तक कि पूजन सामग्री भी न फेंके, उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते निर्माण कार्य और आबादी के कारण धनबाद में जलाशयों की संख्या घटती जा रही है, इसलिए आने वाली पीढ़ियों के लिए इनका संरक्षण करना अत्यंत आवश्यक है. 

    उपायुक्त ने सभी नागरिकों से सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने घर और आसपास के क्षेत्र की सफाई करने की अपील की.  साथ ही सभी वार्ड पार्षदों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने वार्ड में एक ऐसे स्थान को चिन्हित करें, जो सबसे अधिक गंदा हो और जिसके सुधार की आवश्यकता हो.  उन्होंने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम के साथ मिलकर ऐसे स्थलों का जीर्णोद्धार किया जाएगा और जो वार्ड बेहतर प्रदर्शन करेगा, वहां विशेष ध्यान देते हुए विभिन्न योजनाओं को लागू किया जाएगा।



    Related News