धनबाद (DHANBAD) : जिले के नुनूडीह से मोहन बाजार जाने वाली सड़क की हालत को लेकर आज ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. करीब दो साल पहले बनी यह सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. जगह-जगह सड़क टूट गई है जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. इसी समस्या को लेकर माले नेता सुबुर गोराई के नेतृत्व में ग्रामीणों ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में शुरुआत से ही लापरवाही बरती गई जिसके कारण इतनी जल्दी सड़क खराब हो गई. माले नेता सुबुर गोराई ने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी प्रशासन और संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि माडा और नगर निगम की जलापूर्ति पाइप फट जाने के कारण सड़क पर लगातार पानी जमा हो रहा है. जिससे सड़क और भी तेजी से खराब हो रही है. इसके साथ ही सड़क निर्माण कार्य में भी देरी की जा रही है.
प्रदर्शनकारियों ने दी चेतावनी
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले ठेकेदार के इंजीनियर द्वारा सड़क पर पत्थरयुक्त डस्ट गिराया गया था जिसका विरोध किया गया था. उस समय आश्वासन दिया गया था कि रामनवमी के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. लेकिन अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के अंदर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे मुख्य सड़क को जाम कर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
रिपोर्ट – नीरज कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+


