रांची (RANCHI): झारखंड में 1 अप्रैल से जनगणना का पहला चरण शुरू हो रहा है, जिसमें मकान और परिवार से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी. इस दौरान सरकारी कर्मी घर-घर जाकर डेटा इकट्ठा करेंगे, लेकिन इच्छुक नागरिक अपनी जानकारी ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद कर्मियों द्वारा सभी जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। इस चरण में लगभग 33 से 40 सवाल पूछे जाएंगे.
जनगणना में मकान से जुड़े कई विवरण शामिल होंगे, जैसे भवन संख्या, घर की बनावट, दीवार और छत में इस्तेमाल की गई सामग्री, मकान का उपयोग और उसकी स्थिति. परिवार में कितने सदस्य रहते हैं और घर की सामान्य स्थिति के बारे में भी जानकारी ली जाएगी. परिवार विवरण में मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक वर्ग, और मकान के स्वामित्व की स्थिति के साथ यह पता किया जाएगा कि परिवार किराए के मकान में रहता है या अपने घर में.
सुविधाओं के अंतर्गत पानी की उपलब्धता, बिजली या रोशनी की व्यवस्था, शौचालय, रसोई, ईंधन, स्नान की सुविधा और गंदे पानी की निकासी जैसी जानकारियां ली जाएंगी. घर में मौजूद संसाधन जैसे रेडियो, टीवी, मोबाइल, इंटरनेट, कंप्यूटर और वाहन जैसी सुविधाओं की जानकारी भी दर्ज की जाएगी.
सामाजिक और आर्थिक स्थिति जानने के लिए परिवार के बैंक खाते, आय का स्रोत, घर में चल रहे व्यवसाय, विकलांग सदस्य और बाहर काम करने वाले सदस्यों की जानकारी भी पूछी जाएगी. इस जनगणना चरण से राज्य की सामाजिक-आर्थिक तस्वीर स्पष्ट होगी, जो भविष्य में नीतियों और योजनाओं को तैयार करने में सरकार के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी.
Thenewspost - Jharkhand
4+


