धनबाद हादसा: बुधवार को भी कैसे उबला इलाका,बीसीसीएल के अधिकारी क्यों रहे निशाने पर

    धनबाद हादसा: बुधवार को भी कैसे उबला इलाका,बीसीसीएल के अधिकारी क्यों रहे निशाने पर

    धनबाद(DHANBAD):  बाघमारा प्रखंड का सोनरडीह इलाका  उबल रहा है.  मंगलवार की देर शाम तेज आवाज के साथ धंसान  की घटना हुई.  इस हादसे में कई मकान धंसान  की चपेट में आ गए.  तीन लोग जमीन में समा गए.  बाद में देर रात उनका शव  निकाला  गया. बीसीसीएल अब इलाके को खाली करने में जुटा हुआ है.  घटना का कारण भूमिगत आग  और अवैध खनन बताया  जा रहा है.  घटना के दूसरे दिन प्रबंधन जेसीबी मशीन लेकर पहुंचा, जिसका प्रभावित परिवार के सदस्यों ने विरोध किया।  उसके बाद जेसीबी मशीन वापस लौट गई.  

    दोपहर बारह बजे के बाद बिगड़े हालात

    दोपहर करीब 12:00 बजे के बाद बीसीसीएल के डायरेक्टर टेक्निकल संजय कुमार सिंह, कोल इंडिया के डायरेक्टर टेक्निकल अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे.  उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया. भू धंसान  इलाकों की तस्वीर ली, इसके बाद प्रभावित परिवारों ने उन्हें घेर लिया.सभी लोग स्थाई पुनर्वास की मांग कर रहे थे.  बीसीसीएल के डीटी  लोगों को आश्वासन देकर चले गए.  इसके बाद लोगों ने गोविंदपुर के जीएम  को घेर लिया, नारेबाजी करने लगे.  बीसीसीएल के जीएम  को जवानों ने अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया।  फिर स्थिति बिगड़ गई और लोग पत्थरबाजी करने लगे.  लगभग आधा दर्जन वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए.  

    महाप्रबंधक सहित कई कर्मचारियों को लगी चोट 

     महाप्रबंधक सहित कई कर्मचारियों के चोटिल होने की खबर है.  स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.  बताया जाता है कि बस्ती में राहत शिविर  भी लगा दिया गया है.   प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की जा रही है. इस बीच यह भी सूचना है कि  आधा दर्जन से अधिक लोग घर खाली कर दिए हैं और अपने रिश्तेदारों के घर चले गए है.  उनके घरों में दरार पड़ गई है.  जेसीबी मशीन को देखते ही प्रभावित लोग गुस्से में आ गए थे.  उनका कहना था कि पहले हम लोगों को मुआवजा, पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.  उसके बाद ही घटनास्थल की भराई  करने देंगें।  जब तक स्थाई समाधान नहीं हो जाता, तब तक वह यहां से नहीं हटेंगे।  काफी समझाने -बुझाने के बाद भी लोग नहीं माने।  इसके बाद जेसीबी मशीन वापस चली गई.  हालांकि इलाका पहले से ही खतरनाक घोषित है.  

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो



    Related News