धनबाद(DHANBAD): में भू-धंसान की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. बीसीसीएल एरिया तीन के अंतर्गत गोविंदपुर सोनारडीह ओपी क्षेत्र की टंडाबाड़ी बस्ती में मंगलवार देर शाम जमीन धंसने से कई घर पूरी तरह तबाह हो गए. इस हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है, जो इसके लिए बीसीसीएल प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं.
आज दोपहर को हालात का जायजा लेने के लिए जब बीसीसीएल के डिप्टी टेक्निकल डायरेक्टर संजय सिंह और एरिया तीन के जीएम वी. विजय कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया और मुआवजा और पुनर्वास की मांग को लेकर विरोध करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और भीड़ का आक्रोश बढ़ने लगा.
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब विरोध कर रहे लोगों ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव तेज कर दिया. इस दौरान संजय सिंह किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे, लेकिन जीएम वी. विजय कुमार भीड़ के बीच फंस गए. मौके पर मौजूद सीआईएसएफ के जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की.
इसी बीच भीड़ उग्र हो गई और अधिकारियों पर पथराव शुरू कर दिया. इस दौरान कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और बीसीसीएल की गाड़ियों के शीशे टूट गए. कुछ अधिकारियों को भी हल्की चोटें आई हैं. अचानक हुए इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों को जान बचाकर वहां से हटना पड़ा.
घटना के बाद टंडाबाड़ी बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोग भू-धंसान की इस घटना के लिए बीसीसीएल को जिम्मेदार ठहराते हुए मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की मांग कर रहे हैं. दूसरी ओर, बीसीसीएल और प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
प्रशासन की ओर से पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटना ना हो इसे रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही जा रही है. फिलहाल इलाके की स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और हालात पर नजर रखी जा रही है.
रिपोर्ट- नीरज कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+

