Dhanbad : एसएसपी अचानक पहुचें राजगंज थाना ,संचिकाओं को खंगालने बाद पढ़िए -क्या दिया निर्देश !!

    Dhanbad : एसएसपी अचानक पहुचें राजगंज थाना ,संचिकाओं को खंगालने बाद पढ़िए -क्या दिया निर्देश !!
    धनबाद जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार ने शुक्रवार को राजगंज थाना का औचक निरीक्षण किया

    धनबाद(DHANBAD) | धनबाद जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार ने शुक्रवार को राजगंज थाना का औचक निरीक्षण किया।  इस दौरान अंचल निरीक्षक  मोहम्मद रुस्तम और थाना प्रभारी सुश्री अलीशा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित थे.निरीक्षण के दौरान एसएसपी  ने थाना परिसर के विभिन्न विभागों और कार्यालय कक्ष का क्रमवार निरीक्षण करते हुए वहां की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।  

    उन्होंने सीसीटीएनएस कक्ष, कम्प्यूटर रूम, काउंसिलिंग सेंटर, मालखाना, बैरक, कॉन्फ्रेंस रूम, रिकॉर्ड रूम, कैंटीन, महिला हेल्प डेस्क और सीरिस्ता का बारीकी से निरीक्षण किया।  इस दौरान उन्होंने दस्तावेजों के संधारण, रिकॉर्ड के रखरखाव, मालखाने की व्यवस्था और पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था की भी जानकारी ली. एसएसपी  ने थाना क्षेत्र में होने वाले सड़क हादसों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए NHAI के साथ नई सुरक्षा रणनीति बनाकर हादसों में कमी लाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया।  उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि थाने में आने वाले सभी मामलों की सही ढंग से प्रविष्टि की जाए तथा रिकॉर्ड को अद्यतन रखा जाए. 

     कहा कि थाने की व्यवस्था सुव्यवस्थित और पारदर्शी होनी चाहिए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.  महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा करते हुए उन्होंने महिला संबंधित मामलों के प्रति संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान एसएसपी  ने थाने में दर्ज कांडों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और विभिन्न मामलों के अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की.  उन्होंने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए.  उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित कांडों का अनुसंधान पूर्ण कर समय पर न्यायालय में चार्जशीट समर्पित की जाए, ताकि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई हो सके और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आये. एसएसपी  ने थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली और निर्देश दिया कि क्षेत्र में नियमित रूप से गश्ती अभियान चलाया जाए. 

     उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि अपराध की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके. इसके अलावा उन्होंने थाने में लंबित वारंटों की समीक्षा करते हुए सभी वारंटों का जल्द तामिल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।  साथ ही फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा.  उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाए. निरीक्षण के दौरान एसएसपी  ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का निर्देश दिया।  इसके अलावे उन्होंने थाना को अतिरिक्त नया चार पहिया वाहन और दो पहिया उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। एसएसपी  ने सभी पदाधिकारियों व जवानो को आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की भी हिदायत दी.  उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम लोगों को सुरक्षा प्रदान करना और उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान करना है. 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news