रामगढ़(RAMGARH):रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर के प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण कदम उठाया गया.उपायुक्त ऋतुराज ने मंदिर परिसर का दौरा कर विकास योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.दौरे से पहले प्रशासनिक भवन में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमे झारखंड सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
मंदिर के प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा
बैठक में मंदिर के प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई साथ ही झारखंड उच्च न्यायालय के आदेशों की जानकारी भी साझा की गई.बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने मंदिर से जुड़ी कई समस्याएं और सुझाव रखे, जिन्हें उपायुक्त ने गंभीरता से सुना उन्होंने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया.इसके बाद उपायुक्त ने मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रस्तावित बस स्टैंड, प्रवेश द्वार, निकास द्वार, घाट निर्माण और दुकानों के निर्माण के लिए चिन्हित स्थलों का जायजा लिया.
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखकर किए जाएं उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर का विकास व्यवस्थित और योजनाबद्ध तरीके से होना चाहिए ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया उन्होंने यह भी कहा कि रजरप्पा मंदिर झारखंड का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, इसलिए इसके विकास में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.इस तरह प्रशासन द्वारा मंदिर के विकास को लेकर तेजी से कदम उठाए जा रहे है, जिससे आने वाले समय में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सके.
रिपोर्ट-अनुज कुमार

