रांची में भाजपा के आक्रोश मार्च में महिलाओं का जुटान, झामुमो कांग्रेस के खिलाफ भरा हुंकार    

    रांची में भाजपा के आक्रोश मार्च में महिलाओं का जुटान, झामुमो कांग्रेस के खिलाफ भरा हुंकार

    रांची(RANCHI): देश में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा ने महिला आक्रोश के जरिए केंद्र का समर्थन और झामुमो-कांग्रेस का विरोध किया. रांची के मोरहाबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक तक आक्रोश मार्च में झारखंड के अलग अलग जिलों से पहुंची महिला मोर्चा की हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए. भाजपा ने पूर्वं निर्धारित कार्यक्रम के तहत रांची में आक्रोश मार्च निकाला. जिसमें पद यात्रा के पूर्व मोराबादी में एक विशाल सभा का आयोजन किया गया. इस आक्रोश मार्च का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया.Image

    आक्रोश मार्च में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 2014 से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को लगातार आर्थिक और सामाजिक रूप से समृद्ध करते आ रहे हैं. बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के माध्यम से उन्होंने जागरूकता फैला कर बेटियों को सशक्त किया है. अब बारी महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त करने की थी, इसी के तहत 16, 17, 18 अप्रैल को को संसद में महिला आरक्षण बिल पर विशेष सत्र आहूत था. लेकिन कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित होने नहीं दिया. इस दौरान चर्चा के दौरान विपक्ष की सारी शंकाओं  को गृह मंत्री और प्रधानमंत्री ने दूर करने का काम किया. कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की मानसिकता महिला विरोधी रही है. विपक्ष ने विधेयक के खिलाफ न केवल मतदान किया बल्कि मेज थपथपाकर जश्न मनाया गया.

    इंडी गठबंधन बहुरुपिया, इनसे सावधान रहने की जरूरत: आदित्य साहू

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब परिवार से आते हैं, इसलिए महिलाओं का दर्द उन्हें पता है. नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोककर कांग्रेस सहित विपक्षियों ने घोर पाप करने का काम किया है. इंडी गठबंधन के नेताओं के घर की महिलाओं के मन में भी इनके  इस महिला विरोधी रवैये से गुस्सा है लेकिन उनकी मजबूरी है कि वह कुछ बोल नहीं सकती. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि हमारी दीदियाँ भी सांसद बनें, विधायक बनें, लेकिन ये कांग्रेसी इसका विरोध करने का काम करते हैं. कांग्रेस पार्टी केवल सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की तो झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सिर्फ कल्पना सोरेन की चिंता करते हैं, हमारी बेटियों-बहनों की चिंता ये नहीं करते हैं. पिछले कई दिनों से झारखंड की धरती पर बेटियों-बहनों के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहा है. तीन वर्ष की बच्ची को भी लोगों ने दुष्कर्म करने से नहीं छोड़ा है. पुलिस-प्रशासन सिर्फ कोरम पूरा करके मामलों को दबाने का काम करती है. मईया योजना के नाम पर राज्य सरकार ढकोसला कर रही है. उन्होंने महिलाओं से कहा कि कांग्रेसी जब गांव जाकर गुमराह करने का प्रयास करें तो उन्हें खदेड़ने की जरूरत है.

    Image

    इंडी गठबंधन के लोग आधी आबादी के गुस्से में जलकर हो जाएंगे स्वाहा : बाबूलाल मरांडी

    नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने महिलाओं को नीति निर्धारण में उनकी 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तीन दिनों का विशेष सत्र बुलाया था. लेकिन अफसोस कि कांग्रेस और झामुमो सहित इंडी गठबंधन  ने इस विधेयक पर साथ नहीं दिया और इसके विरोध में वोट कर दिया. पीएम मोदी महिलाओं को जो हक देने वाले थे, महिलाएं उससे वंचित रह गई. देश की भांति झारखंड में भी महिलाओं में विपक्ष के प्रति इसको लेकर भारी आक्रोश है.

    Image

    मातृशक्ति के साथ कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन ने किया है महापाप : संजय सेठ

    केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि मातृशक्ति के साथ कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन ने महापाप किया है. रांची की सड़कों पर महिलाओं की आज की भीड़ देखकर सभी विपक्षी दलों की चूलें हिलनी तय है. 16 17 अप्रैल की तिथि देश के इतिहास में ऐतिहासिक हो जाती, अगर 33% आरक्षण वाला बिल पास हो गया होता और महिलाओं को उनका अधिकार मिल गया होता.

    पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित छुटनी महतो ने कहा पिछले 30 वर्षों में कांग्रेस जो काम नहीं कर पाई, हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने उसे मात्र दो दिनों में करके दिखाया. हम स्वयं 15, 16 और 17 अप्रैल को संसद भवन गए थे, जहाँ महिला आरक्षण कानून लागू होना था. लेकिन कांग्रेस ने इसे पारित नहीं होने दिया, जिससे मैं अत्यंत दुखी हूँ. हम सभी महिलाएँ अब कभी भी कांग्रेस के पास नहीं जाएँगी.

    Image

     



    Related News