जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के एग्रिको में हुए ट्रिपल मर्डर केस की जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है. पुलिस का आरोपी का लाई डिटेक्टर (पॉलीग्राफ) टेस्ट कराएगी. इसके लिए कोर्ट से अनुमति मिल गई है. अनुमति मिलने के बाद पुलिस अब राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) से संपर्क कर रही है. जांच की तिथि तय होने के बाद आरोपी को रांची ले लाया जाएगा. इसके लिए पुलिस को कोर्ट से अलग से अनुमति लेनी पड़ेगी. कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद आरोपी को रांची स्थित फॉरेंसिक लैब में पॉलीग्राफ जांच के लिए ले जाया जाएगा. इस टेस्ट के जरिए तीन हत्याओं की असली वजह पता चल पाएगा. टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मी ने अपनी पत्नी, बेटे और बेटी की हत्या किस कारण से की इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. आरोपी बार-बार अपना बयान बदल रहा है, इसलिए पुलिस को उसके बयान पर भरोसा नहीं हो रहा है. इस कारण पुलिस ने आरोपी का लाई डिटेक्टर कराने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया था. अब अनुमति मिलने के बाद पुलिस आरोपी का लाई डिटेक्टर कराने की तैयारी कर रही है. आरोपी फिलहाल जेल में है.
जांच को भटकाने का कर रहा प्रयास
पुलिस को आशंका है कि आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह खुद को मानसिक रूप से बीमार बताकर जांच को भटकाने का प्रयास कर रहा है. पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपना बयान बदल रहा है. पुलिस को शक है कि वह हत्या की असली वजह को छिपा रहा है. इसी कारण अब पारंपरिक पूछताछ के बजाय पुलिस अब वैज्ञानिक जांच पद्धति अपना रही है. पुलिस ने पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए सवालों की एक विस्तृत सूची तैयार कर रही है. जानकारी हो कि आरोपी ने पहले तीन हत्याओं का कारण भविष्य की चिंता और मानसिक स्थिति खराब होना बताया था. फिर आरोपी ने रिटायरमेंट के पैसे इनवेस्ट करने को लेकर पत्नी से विवाद की बात भी बताई थी.
मनोचिकित्सकों की निगरानी में है आरोपी
आरोपी रवींद्र सिंह फिलहाल घाघीडीह जेल में बंद है. जेल में वह मनोचिकित्सकों की निगरानी में है. अब पॉलीग्राफ टेस्ट से इस तिहरे हत्याकांड के पीछे छिपे राज से पर्दा उठने की उम्मीद जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस केवल आरोपी के बयान पर निर्भर नहीं रहना चाहती. जांच टीम डिजिटल साक्ष्य, बैंक लेन-देन के रिकॉर्ड और फॉरेंसिक रिपोर्ट के जरिए मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है.
11 मई को की थी हत्या
जानकारी हो कि 11 मई की सुबह रवींद्र सिंह ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर एल-5/13 में आरोपी ने अपनी पत्नी सरिता सिंह, बेटी सुप्रिया सिंह और बेटे रविशेख सिंह की हत्या कुल्हाड़ी और हथौड़े से की थी. इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था. आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर हत्या की बात कबूली थी.

