रांची में जल्द बनेगा 310 बेड वाला अस्पताल, 2.75 एकड़ भूमि में होगा अपोलो अस्पताल का निर्माण

    रांची में जल्द बनेगा 310 बेड वाला अस्पताल, 2.75 एकड़ भूमि में होगा अपोलो अस्पताल का निर्माण

    रांची (RANCHI): राजधानी रांची के स्मार्ट सिटी में जल्द ही 310 बेड वाले मल्टी सुपर स्पेशलिटी अपोलो अस्पताल का शुभारंभ होने वाला है. लगभग 2.75 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस अत्याधुनिक अस्पताल का नक्शा रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) में अपने अंतिम चरण में है. बता दें, प्राधिकार के अधिकारियों के मुताबिक, महज एक सप्ताह के भीतर अस्पताल भवन का नक्शा पास कर दिया जाएगा, जिसके तुरंत बाद धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. बताते चले की इस परियोजना का भूमि पूजन वर्ष 2024 में झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में किया गया था, जिसके बाद से ही आरआरडीए में इसकी स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही थी.

    आपको बता दें, इस अस्पताल को धरातल पर उतारने के लिए अपोलो हॉस्पिटल एंटरप्राइजेज लिमिटेड, चेन्नई और रांची नगर निगम के बीच मुख्यमंत्री आवास में 45 वर्षों के लिए सब-लीज डीड पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसे भविष्य में जरूरत के अनुसार आगे भी बढ़ाया जा सकता है. दरअसल, यह महत्वपूर्ण परियोजना वर्ष 2014 से ही प्रक्रिया में थी और शुरुआत में इसके लिए रांची के घाघरा क्षेत्र को चुना गया था. लेकिन वहां जमीन से जुड़े विवादों के कारण काम आगे नहीं बढ़ सका, जिसके बाद सरकार ने इसे स्मार्ट सिटी क्षेत्र में शिफ्ट करने का बड़ा फैसला लिया. लेकिन अब करीब डेढ़ वर्ष की लंबी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं के बाद आखिरकार अब यह प्रोजेक्ट शुरू होने की दहलीज पर खड़ा है.

    बता दें, इस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के शुरू होने से रांची और उसके आसपास के करीब डेढ़ लाख लोगों को सीधे तौर पर विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा. अस्पताल में कार्डियोलॉजी, आर्थोपेडिक, गायनेकोलॉजी, जनरल सर्जरी और जनरल मेडिसिन जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी. इसके अलावा यहां 24 घंटे एम्बुलेंस, पार्किंग, फार्मेसी, एटीएम और कैंटीन जैसी जरूरी सुविधाएं भी मिलेंगी. इसके साथ ही पहले चरण में यहां ओपीडी (OPD) सेवा शुरू की जाएगी, जिसके बाद धीरे-धीरे पूर्ण सुपर स्पेशलिटी सेवाएं संचालित होंगी. रांची स्मार्ट सिटी में बन रहे मेडिकल कॉलेज, पांच सितारा होटलों और कमर्शियल हब के बीच इस अस्पताल के आने से यह पूरा क्षेत्र स्वास्थ्य सुविधाओं के एक बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा.



    Related News