धनबाद(DHANBAD): धनबाद सिविल कोर्ट से बड़ी खबर आ रही है. जहां सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. जिसके बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई. अदालत के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरे ईमेल भेजी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है.
डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ थाना प्रभारी भी शामिल. सुरक्षा एजेंसियों ने बिना देर किए पूरे कोर्ट परिसर को अपने घेरे में ले लिया और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया. डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते की मदद से जजों के चैंबर, कोर्ट रूम, वकीलों के शेड, पार्किंग एरिया सहित हर कोने की बारीकी से जांच की गई. कई घंटों तक चले इस ऑपरेशन के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला. इसके बाद अधिकारियों ने इसे शरारती तत्व की हरकत और अफवाह करार दिया, जिससे राहत की स्थिति बनी.
गौर करने वाली बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद कोर्ट की कार्यवाही प्रभावित नहीं हुई. पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे ताकि लोगों में डर का माहौल न बने. कोर्ट परिसर में आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. बताया जा रहा है कि यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी इसी तरह के फर्जी ई-मेल के जरिए धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है. फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ई-मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाने में जुटी है, ताकि यह साफ हो सके कि यह किसी पुराने नेटवर्क का हिस्सा है या किसी नए शरारती तत्व की करतूत है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


