गढ़वा (GARHWA): जिले के खरौंधी थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां गिरफ्तार वारंटी ने पुलिस हिरासत से फरार होने के लिए ऐसा कदम उठाया कि पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में हवलदार और चालक समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. हालांकि घायल होने के बावजूद पुलिस जवानों ने आरोपी को दोबारा पकड़ लिया.
जानकारी के मुताबिक, श्री बंशीधर नगर डीएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम मझिगवां पंचायत से वारंटी मनोज पासवान को गिरफ्तार कर थाना लौट रही थी. आरोपी को पुलिस वैन में बैठाकर लाया जा रहा था. इसी दौरान जैसे ही वाहन अमरोरा मोड़ स्थित गैस गोदाम के पास पहुंचा, पीछे बैठे मनोज पासवान ने अचानक भागने की कोशिश शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अचानक चालक रिंकू जोशी के हाथ से वैन का स्टेयरिंग पकड़ लिया और जोर से मोड़ दिया. अचानक हुए इस घटनाक्रम से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. तेज रफ्तार पुलिस वैन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और एक पेड़ से टकराते हुए पलट गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
दुर्घटना में वाहन में सवार कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायल जवानों में हवलदार, चालक और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं. वहीं हादसे का फायदा उठाकर आरोपी मनोज पासवान अंधेरे का सहारा लेकर मौके से भागने लगा. लेकिन घायल होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी. एएसआई सिल्वेस्टर कच्छप और अन्य जवानों ने तुरंत आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे दोबारा पकड़ लिया. पुलिस जवानों की इस बहादुरी की इलाके में चर्चा हो रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल जवानों को इलाज के लिए भेजा गया. वहीं आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच थाना लाया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस घटना ने पुलिसकर्मियों के सामने ड्यूटी के दौरान आने वाले खतरों को एक बार फिर उजागर कर दिया है. साथ ही यह भी साबित किया कि विपरीत परिस्थितियों में भी पुलिस जवान अपनी जिम्मेदारी निभाने से पीछे नहीं हटते.

