जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में शनिवार रात आग लगने की एक बड़ी घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. सोनारी थाना क्षेत्र के कागल नगर रोड स्थित भूतनाथ मंदिर के पास एक 5 मंजिला आवास टावर अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर अचानक आग भड़क उठी. फ्लैट नंबर 3/9 में लगे एसी के आउटडोर यूनिट के फटने से यह आग लगी. जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त फ्लैट की मालकिन बेला बक्सी घर में अकेली मौजूद थी. अचानक तेज धमाके और आग की लपटों के साथ पूरे फ्लैट में धुआं भरने लगा. देखते ही देखते धुआं पूरे अपार्टमेंट में फैल गया. इसके कारण अन्य फ्लैट में रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी. स्थिति गंभीर होती देख सभी फ्लैटवासी तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। अपार्टमेंट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
लोगों की सुझबुझ से बड़ी घटना टली
अपार्टमेंट में रह रहे लोगों के सुझबुझ से बड़ी घटना टल गई. दमकल कर्मियों के पहुंचने तक लोगों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था. दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच. जिसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया. जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. सोनारी पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुटी रही. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. हालांकि, इस घटना ने अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों क दहशत में डाल दिया. आगलगी लगी में महिला को काफी नुकसान हुआ है.


