जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में नदियों से शव मिलने का सिलसिला जारी है. गुरुवार की सुबह एक बार फिर स्वर्णरेखा नदी से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित कालीघाट के पास नदी में युवक का शव मिला. सुबह नदी में नहाने पहुंचे लोगों ने पानी में एक शव तैरता देखा. सूचना पर मानगो पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला. मृत युवक की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है. शव क्षत-विक्षत अवस्था में था. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि युवक के दोनों हाथों में चप्पल फंसी हुई थी, जिसे देखकर लोग तरह-तरह की आशंका जता रहे हैं. पुलिस के अनुसार शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक का शव कहीं और से बहकर पहुंचा है. फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने युवक को पहचानने से इनकार कर दिया. मानगो थाना प्रभारी नित्यानंदन प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. पुलिस आसपास के थानों और लापता लोगों के रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है, ताकि युवक की पहचान हो सके. शव कहीं से बहकर आने की आशंका है.
शहर के नदियों में शव मिलने की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है. कल (20 मई) को भी एक शव मिला था. बागबेड़ा के बड़ौदा घाट स्थित खरकई नदी में एक नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी. लगातार दूसरे दिन भी नदी में शव मिला.

