चक्रधरपुर (CHAKRADHARPUR): जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है. उत्पाद विभाग के निर्देश के अनुसार चक्रधरपुर और आस पास के क्षेत्रों में बड़ी छापेमारी की है. इस कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है. अभियान के दौरान चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों को विशेष रूप से टारगेट किया गया, जहां विभाग ने कुल नौ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की हैं. इस छापेमारी के दौरान मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे. फरार चल रहे पांचों आरोपियों के खिलाफ भी सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उत्पाद विभाग उनकी तलाश में जुट गया है.
आपको बता दें, उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने इस पूरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गुवा थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, बड़ा जामुदा और कल्याण नगर में छापेमारी कर अवैध शराब बेचने के आरोप में दो लोगों को दबोचा गया. इनके पास से 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद की गई. इसके अलावा मंझारी थाना क्षेत्र के मिरुडीह में भी कार्रवाई की गई, जहाँ से 9 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त कर बेचने वाले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. वहीं चक्रधरपुर थानांतर्गत दण्डासाईं और बाराकुली में भी दबिश दी गई, जहां से दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया. इन दोनों आरोपियों के कब्जे से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई है.
इस अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा ग्राम में देखने को मिली. यहाँ बड़े पैमाने पर संचालित हो रही अवैध चुलाई शराब की 4 भट्ठियों को उत्पाद विभाग की टीम ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. इस दौरान भट्ठियों से कुल 80 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई, जबकि शराब तैयार करने के लिए रखे गए करीब 1500 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. इन चारों भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. उत्पाद निरीक्षक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध शराब के इस काले कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा.

