कोयलांचल मॉर्निंग अपडेट्स  : एक नजर में पढ़िए कोयलांचल के अखबारों की क्या हैं हेडलाइंस

    कोयलांचल मॉर्निंग अपडेट्स  : एक नजर में पढ़िए कोयलांचल के अखबारों की क्या हैं हेडलाइंस

    अगर सुबह की हड़बड़ाहट में नहीं पढ़ पाए हैं न्यूज़पेपर तो एक नजर में पढ़िए खास खबरें. शनिवार दिनांक 9 अप्रैल को धनबाद के कुछ प्रमुख अखबारों की हेडलाइंस इस प्रकार हैं-

     एक घर में दूसरा बिजली कनेक्शन लेने के लिए आए 22 आवेदन रद्द : एक घर से दूसरा बिजली कनेक्शन के लिए 22 लोगों के आवेदन को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने रद्द कर दिया है. धनबाद डिवीजन के यह वैसे लोग हैं जिनकी हर माह बिजली की खपत 400 यूनिट से अधिक है. दरअसल ऊर्जा मुख्यालय द्वारा 400 यूनिट से ज्यादा बिजली की खपत पर सब्सिडी समाप्त करने के आदेश दिए गए हैं, इसके बाद से लोग दूसरा बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने लगे हैं. अचानक से नया बिजली कनेक्शन के लिए आ रहे आवेदनों की जांच के उपरांत पता चला कि जिन लोगों ने दूसरा बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, उनके घर में हर माह बिजली की खपत 400 यूनिट के पार है. सब्सिडी का लाभ लेने के लिए लोग घर में दूसरा कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं. (प्रभात खबर)

     बाघमारा की महिला सिपाही का गर्भपात, पुलिस पदाधिकारियों को ठहराया जिम्मेदार : बाघमारा थाना में पदस्थापित महिला सिपाही सुनीता का 3 दिन पहले गर्भपात हो गया. उसने इसका जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारियों को ठहराया है. ग्रामीण एसपी को लिखे पत्र में कहा है कि डॉक्टरों ने उसे आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन महिला थाना में रहते उसे आराम नहीं मिल पा रहा था. लगातार ड्यूटी कर रही थी. इस कारण उसका गर्भपात हो गया. उसने बताया कि उसे 3 माह का गर्भ था, वह महिला थाना से हटकर पुलिस लाइन में योगदान देना चाहती थी, इसके लिए उसने 1 सप्ताह पहले ही एक अधिकारी से मिलकर अनुरोध भी किया, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली. मामले में बाघमारा महिला थाना प्रभारी सोनिका वर्मा ने कहा कि उसे कोई जानकारी नहीं थी, यदि महिला सिपाही को छुट्टी चाहिए थी तो वह मुझ से सीधा संपर्क कर सकती थी. (प्रभात खबर)

     अप्रैल में ही भीषण गर्मी से सूख गए जिले के 500 तालाब : भीषण गर्मी के प्रकोप ने लोगों के जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है. जिले के जल स्रोत ने गर्मी के प्रभाव से अछूते नहीं हैं. .गर्मी की वजह से धनबाद के 40% से भी अधिक तालाब सूख गए हैं. पहली बार अप्रैल में इतनी अधिक गर्मी का असर तालाबों पर पड़ा है. जिला मत्स्य विभाग के पास सभी प्रखंडों से आ रही रिपोर्ट के अनुसार तेजी से तालाबों का पानी सूख रहा है. धनबाद जिले में 1298 सरकारी तालाब हैं, जिनमें से 5 सौ से अधिक तालाब इस भीषण गर्मी में सूख गए हैं. सबसे अधिक तालाबों की संख्या निरसा और गोविंदपुर प्रखंड में है. इन इलाकों में भी गर्मी की वजह से तलाब सूख रहे हैं. शहर के अंदर भी कई तालाबों में पानी ना के बराबर ही बचा है. (हिंदुस्तान)

     सरकारी कंपनियों को आवंटित कोल ब्लॉक वापस लिए जाएंगे : केंद्रीय कैबिनेट ने कोयला मंत्रालय के उस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है, जिसमें सरकारी कंपनियों को आवंटित वैसे कोल ब्लॉक जिससे उत्पादन शुरू नहीं किया गया है, उसे वापस करना होगा. केबिनेट ने सरकारी कंपनियों को बिना किसी जुर्माना के गैर परिचालन कोयला खदानों को सरेंडर करने के लिए वन टाइम मौका दिया है. देश में कोयले की बढ़ती मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. सरकारी कंपनियों, राज्य सरकार के अधीन की कंपनियों को अच्छे कोल ब्लॉक आवंटित किए गए थे. (हिंदुस्तान)

    6 घंटे बिजली कटौती ने तड़पाया : बाहर चिलचिलाती धूप और घर के अंदर बिजली गुल .इससे लोग परेशान हो गए हैं. गर्मी बढ़ते ही शहर में बिजली संकट भी बढ़ गया है. जिस तरह से गर्मी बढ़ती जा रही है, बिजली कटौती भी उसी अनुरूप हो रही है. बिजली कटने के बाद 25-30 मिनट बाद लौट रही है. फिर फिर बिजली ट्रिप कर जा रही है. कुल 6से आठ घंटे से अधिक बिजली कट रही है. इसमें लोगों की परेशानी बढ़ गई है. कहीं-कहीं तो 10 घंटे तक बिजली गायब रह रही है. बिजली संकट के कारण पानी पर भी आफत आ गया है. (हिंदुस्तान)

     तेरह स्कूलों का जवाब संतोषजनक नहीं : जिले के 15 पब्लिक स्कूलों में सरकार के आदेश को नजरअंदाज कर फीस वसूली के मामले में शुक्रवार को डीएसई इंद्र भूषण सिंह ने सुनवाई की. डीएसई ने कहा कि 15 स्कूलों ने अपना मंतव्य दिया है, इनमें 13 स्कूलों का जवाब संतोषजनक नहीं है. प्रथम दृष्टया यह प्रमाणित होता है कि  स्कूल  सरकार के आदेश का उल्लंघन कर रहे हैं. मामले की रिपोर्ट डीसी को सौंपी जाएगी. अभिभावकों की शिकायत पर डीसी गंभीर हैं. यह अंतिम बैठक थी.  जिला प्रारंभिक शिक्षा समिति की बैठक में इसे रखा जाएगा. प्रारंभिक शिक्षा समिति दो तरह से कार्रवाई की अनुशंसा कर सकती है, पहला राज्य को एनओसी वापस लेने की अनुशंसा व दूसरी जिला स्तर पर आरटीई मान्यता वापस लेने का निर्णय  जिला प्रारंभिक शिक्षा समिति को लेना है. (हिंदुस्तान)

     लिंकेज कोटे के कोयले का उठाव नहीं करने पर 87 कारोबारियों पर 20 करोड़ की पेनल्टी : फ्यूल सप्लाई एग्रीमेंट में लिंकेज ऑक्शन के तहत आवंटन का 30% से कम कोयला उठाव करने वाले 90 एफ एस ए होल्डर को बीसीसीएल ने नोटिस जारी करते हुए 20.27 करोड़ की पेनल्टी लगाई है. नोटिस जारी होने पर 15 दिनों के भीतर पेनाल्टी की राशि जमा नहीं करने वाले कोयला कारोबारियों का एग्रीमेंट रद्द करने के साथ परफॉर्मेंस सिक्योरिटी मनी जप्त करने की चेतावनी दी गई है. कंपनी की ओर से 6 अप्रैल को नोटिस जारी किया गया है, जिसकी अवधि 21 अप्रैल को समाप्त हो रही है. प्रबंधन के इस पत्र से एसएफए होल्डर्स के बीच हड़कंप मच गया है. जिन कोयला कारोबारियों को नोटिस भेजा गया है उनमें अधिकतर धनबाद के हैं. (दैनिक भास्कर)

     दूध की गुणवत्ता भी ठीक नहीं, दाल भी पतली, हाइजीन का भी नहीं रखा जा रहा है खयाल : धनबाद के सरकारी अस्पताल एस एन एम एम सी एच में भर्ती मरीजों को दिए जा रहे दूध की गुणवत्ता ठीक नहीं. दाल भी पतली थी और खाने में दिए जाने वाले अन्य आइटम में भी गड़बड़ी मिली. अस्पताल में मरीजों को दिए जाने वाले खाने में हाइजीन का जरा भी ख्याल नहीं रखा जा रहा है. शुक्रवार को मरीजों के खाने में यह गड़बड़ियां धनबाद विधायक राज सिन्हा को दिखी. दरअसल, विधायक राज सिन्हा, सामाजिक न्याय पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को अस्पताल में फल वितरण करने पहुंचे थे. फल वितरण के दौरान उनकी नजर मरीजों को दिए जा रहे दोपहर के भोजन पर पड़ी और वह बिफर पड़े. (दैनिक भास्कर)


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news