लातेहार (LATEHAR) : लातेहार जिला के गारू थाना प्रभारी रंजीत कुमार यादव ने नक्सलियों का मददगार बता कर ग्रामीण अनिल कुमार सिंह (42) की जमकर पिटाई कर दी. इस पिटायी में अनिल सिंह के शरीर के पिछले हिस्सों में गहरे निशान पड़ गये हैं. अनिल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. उसने बताया कि बुधवार की रात तकरीबन एक बजे गारू थाना प्रभारी उसके घर आये और दरवाजा खुलवा कर उन्हें थाना चलने को कहा. थाना पहुंचने के बाद थाना प्रभारी ने कहा कि तुम पार्टी वाले की मदद करते हो. जब उन्होंने कहा कि वे ऐसा कुछ नहीं करते हैं तो थाना प्रभारी आग बबूला हो कर एक लाठी से उसे पीटने लगे. उसने बताया कि लगभग तीन से चार सौ लाठियां उसके शरीर के पिछले हिस्से में मारी गयी. इससे उसके शरीर पर कई निशान बन गये हैं.
गलती से उसे पकड़ कर थाने ले गई पुलिस
अनिल ने कहा कि थाना प्रभारी ने पिटायी करने के बाद कहा कि गलती से तुम्हें थाना लाया गया था. थाना प्रभारी ने उसे इलाज का खर्च देने की बात भी कही थी. थाना प्रभारी से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है. पूछताछ के लिए उसे थाना में लाया गया था और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था.
इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने कहा कि अगर ऐसी बात है तो इसकी जांच करायी जायेगी और दोषी पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जायेगी. वहीं मामले पर लातेहार विधानसभा के पूर्व विधायक प्रकाश राम ने घटना पर चिंता व्यक्त की और कहा कि पुलिस की कारवाई निंदनीय है.
रिपोर्ट: मनोज दत्त, लातेहार
Thenewspost - Jharkhand
4+

