धनबाद (DHANBAD) : धनबाद के प्रभारी मंत्री बन्ना गुप्ता ने मंगलवार को ही धनबाद में भरोसा दिलाया था कि एक सप्ताह के भीतर धनबाद पुलिस की कार्यशैली बदल जाएगी. मगर, मंत्री के बोलने के एक दिन बाद ही गोविंदपुर में बुधवार को पुलिस के वसूली अभियान की वजह से निरसा के एक मजदूर की जान चली गई. बताया जा रहा है कि दिन के 10 बजे निरसा की ओर से कोयला लदे दो ट्रैक्टर गोविंदपुर की ओर आ रहे थे. इस दौरान गोविंदपुर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी नंबर 3 वहां पहुंची. गाड़ी में मौजूद पुलिस वालों ने उनसे निर्धारित राशि की मांग की. यह घटना ईस्ट इंडिया मोड़ के समीप की है.
पुलिस पर वसूली का आरोप
लोगों ने पुलिस पर वसूली का आरोप लगाया है. लोगों ने कहा कि पुलिस के डर से भागने की कोशिश में कूदकर ट्रैक्टर के नीचे खलासी दब गया और उसकी जान चली गई. घटना के बाद विरोध में भारी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर गए और जीटी रोड को घंटो जाम कर दिया. जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर लगभग 5 किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई. इस दौरान पुलिस के साथ कई बार ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई. इसको देखते हुए पुलिस ने भारी संख्या में मौके पर लाठी पार्टी को भी बुला लिया. इसके बाद जाकर दो बजे के बाद जाम हटा.
लिस पर हत्या का केस करने की मांग
मामले की सूचना के बाद निरसा से पूर्व विधायक और मासस नेता अरूप चटर्जी भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि गोविंदपुर पुलिस के वसूली अभियान के कारण ही इस व्यक्ति की जान गई है. उन्होंने कहा कि आए दिन घटनास्थल के समीप पुलिस वसूली करती दिखती है. इस पर अंकुश लगना चाहिए और वरीय पुलिस अधिकारियों को इस पर ध्यान देना चाहिए. साथ ही साथ उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों को चिन्हित कर उन पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करवाना चाहिए. उन्होंनें मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की भी मांग की. ग़ौरतलब है कि गोविंदपुर पुलिस पर हाल में एक इंजीनियर को रात्रि में चेकिंग के दौरान पिटाई का आरोप लगा है. इसकी शिकायत एसएसपी से करने बाद मामले की जांच सिटी एसपी कर रहें हैं. ऐसे में गोविंदपुर पुलिस को अपनी कार्यशैली में बदलाव करने की ज़रूरत है.
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह, ब्यूरो हेड(धनबाद)
Thenewspost - Jharkhand
4+

