बिहार विकसित कब होगा? नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से दागा सवाल

    बिहार विकसित कब होगा? नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से दागा सवाल

    पटना (PATNA) : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला करते हुए कई सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने का दावा करने वाली सरकार अब तक कोई ठोस विजन नहीं दे पाई है. तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार विकसित कब होगा. इसका रोडमैप सरकार को साफ-साफ बताना चाहिए और सिर्फ बयानबाजी छोड़कर काम करना चाहिए.

    कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया

    तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में बिजली दरें लगातार महंगी हो रही हैं लेकिन आम जनता को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में फैसले लेने की स्वतंत्रता भी नहीं दिख रही है और अब यह चर्चा है कि अधिकांश निर्णय सीधे पीएमओ से लिए जा रहे हैं. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताया.मुख्यमंत्री को “सिलेक्टेड” बताते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि जनता द्वारा चुने गए नेतृत्व को हटाकर नई व्यवस्था बनाई गई है. उन्होंने कहा कि अब जब नई सरकार बन गई है तो उसे अपनी कार्यशैली से जनता का भरोसा जीतना चाहिए और विकास के मुद्दों पर काम करना चाहिए.

    सिर्फ राजनीतिक बयान देने से काम नहीं चलेगा

    महिला आरक्षण बिल को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा महिलाओं को आरक्षण देने की नहीं बल्कि संविधान में बदलाव करने की थी. उन्होंने मांग की कि पहले से पारित महिला आरक्षण बिल को तुरंत लागू किया जाए और इसमें ओबीसी वर्ग को भी शामिल किया जाए.इसके अलावा उन्होंने राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि बिहार वित्तीय संकट से जूझ रहा है. सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस संकट से उबरने के लिए क्या रणनीति अपनाई जाएगी. तेजस्वी यादव ने अंत में कहा कि सिर्फ राजनीतिक बयान देने से काम नहीं चलेगा बल्कि जमीन पर परिणाम दिखाने होंगे.

     



    Related News