पटना(PATNA): बिहार सरकार ने वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए तीन प्रमुख नेताओं की सुरक्षा श्रेणी में बदलाव किया है, गृह विभाग की ओर से यह फैसला 17 अप्रैल 2026 को हुई राज्य सुरक्षा समिति की बैठक की सिफारिश पर लिया गया, जिसका आधिकारिक आदेश 18 अप्रैल को संयुक्त सचिव नवीन चन्द्र ने जारी किया.
सबसे बड़ा फैसला जदयू के युवा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को लेकर लिया गया है, उनकी सुरक्षा बढ़ाते हुए अब उन्हें ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है, जो राज्य में उच्च स्तर की सुरक्षा मानी जाती है, इस श्रेणी में सशस्त्र कमांडो और 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था शामिल होती है.
वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की सुरक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है. उन्हें पहले से मिले ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा को रखा गया है, जिसे सरकार ने पर्याप्त माना है. इसके अलावा, पूर्व मंत्री श्रवण कुमार की सुरक्षा को अपग्रेड करते हुए उन्हें ‘Y+’ श्रेणी दी गई है. इस सुरक्षा व्यवस्था में कमांडो के साथ एस्कॉर्ट वाहन भी शामिल होता है.
यह बदलाव नियमित सुरक्षा समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है, जो खतरे के आकलन के आधार पर किया जाता है. सरकार समय-समय पर वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन करती रहती है. गौरतलब है कि ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा देश में उच्च स्तर की सुरक्षा मानी जाती है, जिसमें करीब 22 से 24 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। इसमें अर्धसैनिक बलों के कमांडो, पुलिस बल और एस्कॉर्ट गाड़ियां शामिल होती हैं, जो 24 घंटे सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं.


