पटना (PATNA): राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. महज 7 हजार रुपये के लिए ईमान बेचने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है. यह घटना कदमकुआं थाना से जुड़ी है, जहां तैनात अवर निरीक्षक सह अपर थानाध्यक्ष अर्जुन यादव को गिरफ्तार किया गया.
जानकारी के अनुसार, कदमकुआं इलाके के निवासी शमशाद आलम ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि अर्जुन यादव एक मामले में फंसाने की धमकी देकर उनसे पैसे की मांग कर रहे थे. यह मामला थाना कांड संख्या 315/26 से संबंधित बताया गया. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने इसकी गंभीरता से जांच शुरू की.प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई. पुलिस उपाधीक्षक आदित्य राज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने पूरी रणनीति के तहत जाल बिछाया.
शिकायतकर्ता को रिश्वत देने के लिए तैयार किया गया और तय स्थान पर लेन-देन की व्यवस्था की गई. जैसे ही जस्टिस राज किशोर पथ पर आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत छापा मारकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. मौके से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद की गई. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई अहम जानकारी सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य की भूमिका तो नहीं है.

