पटना (PATNA) : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने राज्य में हो रहे एनकाउंटर को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह परिस्थितियों और समय के अनुसार होती है. अगर कोई अपराधी पुलिस पर हिंसात्मक हमला करता है तो पुलिस को आत्मरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने पड़ते हैं.
बिहार में कोई भी अपराधी कानून की नजर से बच नहीं सकता
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है. उन्होंने दोहराया कि बिहार में कोई भी अपराधी कानून की नजर से बच नहीं सकता. चाहे अपराध कितना भी बड़ा या छोटा क्यों न हो दोषियों को उनके कृत्य के अनुसार सजा जरूर मिलेगी.
अपराध करने वालों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है
विजय चौधरी ने ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ पर जोर देते हुए कहा कि यही नीति राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने का आधार है. सरकार का स्पष्ट संदेश है कि अपराध करने वालों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है कि वह कानून के दायरे में रहकर आवश्यक कार्रवाई करे और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करे.
आने वाले समय में बिहार में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी
उन्होंने आगे कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अपराधियों को पकड़ना ही नहीं बल्कि समाज में भयमुक्त वातावरण बनाना भी है इसी दिशा में लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बिहार में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज होगी

