मोतिहारी : बिहार के मोतिहारी में पति से नाराज पति मोबाइल टावर पर चढ़ जान गवाने की धमकी दे रहा था.पुलिस के ढाई घंटा प्रयास के बाद युवक को नीचे उतारा गया. मोतिहारी के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकटवा गॉव निवासी मोहित पाण्डे अपने पत्नी से नाराज हो मेला चौक के पास एयरटेल मोबाइल टावर पर चढ़ कूद अपनी जान देने की धमकी देने लगा. जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई वहीं ग्रामीणों की सूचना पर पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे.
पत्नी से नाराज पति का हाईवोल्टेज ड्रामा
पहाड़पुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब बनकटवा गांव निवासी संजय कुमार पांडे के बड़े पुत्र मोहित पांडे पत्नी से नाराज होकर मेला चौक स्थित एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदकर जान देने की धमकी देने लगा. युवक के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई.
मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है मोहित
मिली जानकारी के अनुसार मोहित पांडे काफी समय से अपनी पत्नी से बच्चे की मांग को लेकर नाराज चल रहा था. पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है. इसी तनाव में आकर मंगलवार को वह अचानक मेला चौक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर की ऊंचाई पर खड़े होकर युवक बार-बार नीचे कूदने की धमकी देने लगा. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और लोग उसे नीचे उतरने के लिए लगातार समझाने का प्रयास करते रहे.
आखिरकार पुलिस की कोशिश रंग लाई
घटना की सूचना मिलते ही पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ के साथ कार्रवाई शुरू की. थानाध्यक्ष ने युवक से उसके मोबाइल फोन पर बातचीत कर उसे शांत करने और नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा लेकिन युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हो रहा था. जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही. करीब कई घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस की कोशिश रंग लाई.
पुलिसकर्मियों ने युवक को दिलाया भरोसा
थानाध्यक्ष अजय कुमार और पुलिसकर्मियों ने युवक को भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा. इसके बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया. युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ पहाड़पुर थाना ले गई जहां उससे पूछताछ की जा रही है.
युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतारा गया
पुलिस ने उसकी पत्नी से भी संपर्क कर दोनों के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद की जानकारी ली है.इस पूरे अभियान में थानाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में दारोगा संतोष जायसवाल, विवेक कुमार, अमन कुमार, भीम पांडेय तथा डायल 112 के जवान शशि कुमार और सत्येंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस टीम की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया.
Thenewspost - Jharkhand
4+


