1822 करोड़ की लागत से बन रहे गंगा महासेतु को 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य,मुख्य सचिव ने की बैठक

    1822 करोड़  की लागत से बन रहे गंगा महासेतु  को 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य,मुख्य सचिव ने की बैठक

    पटना(PATNA):पटना में सोमवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने राज्य की महत्वपूर्ण परियोजना बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा महासेतु परियोजना की प्रगति की समीक्षा की. यह पुल बख्तियारपुर (NH-31) को ताजपुर (NH-28) से जोड़ता है और उत्तर व दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को आसान बनाएगा. इस परियोजना की शेष लागत करीब 1822 करोड़ रुपये बताई गई है.समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि काम तय लक्ष्य के करीब चल रहा है. मार्च 2026 में 40 सेगमेंट कास्टिंग का लक्ष्य था, जिसमें 39 पूरे किए गए.वहीं अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक 29 के लक्ष्य के मुकाबले 26 सेगमेंट तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा लॉन्चिंग गर्डर की मदद से पुल के ढांचे को खड़ा करने का काम भी जारी है.

    अभी 438 सेगमेंट का काम बाकी

    एजेंसी ने आगे की योजना भी बताई है अभी 438 सेगमेंट का काम बाकी है, जिसे हर महीने 40 सेगमेंट की दर से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है साथ ही मई 2027 तक पीयर P-29 तक का निर्माण पूरा करने की योजना है.
    मुख्य सचिव ने काम में तेजी लाने के लिए कई निर्देश दिए उन्होंने कहा कि संसाधनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि काम समय पर पूरा हो सके साथ ही सेगमेंट कास्टिंग की गति लगातार बनी रहे और मानसून के अलावा काम में कोई रुकावट न आए.

    महत्वपूर्ण परियोजना में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं

    उन्होंने अधिकारियों को हर हफ्ते काम की समीक्षा करने और किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान करने को कहा साथ ही साफ किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. सरकार चाहती है कि यह पुल तय समय पर बनकर तैयार हो, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके.



    Related News