AK सिंह कॉलेज में जल्द बनेगी तीसरी मंजिल, शिलान्यास के बाद विधायक कमलेश कुमार सिंह बोले- अब बच्चों को नहीं होगी परेशानी


पलामू(PALAMU): एके सिंह कालेज में तृतीय तल के भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास शुक्रवार को हुसैनाबाद विधायक कमलेश कुमार सिंह ने किया. मौके पर उन्होंने कहा कि एके सिंह कालेज को उन्होंने 2005 के बाद पुनर्जीवित किया था. बीच में कालेज का विकास पूरी तरह से ठप्प हो गया था. उन्होंने कहा कि यह कालेज हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के युवाओं के लिए वरदान से कम नहीं है.
एके सिंह कालेज जपला की वजह से गरीबों दलितों पिछड़ों के बच्चों के अलावा लड़किया उच्च शिक्षा आसानी से प्राप्त कर रहे हैं. भवन की कमी की वजह विद्यार्थियों को कठिनाई होती है. इसे देखते हुए भवन निर्माण कराने का निर्णय लिया गया. उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर पर राजनीति किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि यह कालेज क्षेत्र के गरीब परिवारों के विद्यार्थियों के साथ साथ लड़कियों को उच्च शिक्षा पाने का सबसे बेहतर माध्यम है. कालेज हुसैनाबाद क्षेत्र का गौरव है. इसे सजाना संवारना सभी का कर्तव्य है.
विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हुसैनाबाद अग्रणी कैसे बने, इसपर सभी को एकजुटता के साथ काम करने की जरूरत है. कालेज का विकास उनकी प्राथमिकता में शामिल है. उन्होंने कहा कि अभी बहुत काम बाकी है. आने वाले दिनों में जिला का सबसे बेहतर कालेज के रूप में इसे विकसित किया जायेगा. कालेज के सचिव रौनक सिंह ने कहा कि वह दिन रात कालेज की व्यवस्था बेहतर करने में जुटे हैं. उन्होंने कहा कि कुछ और जरूरत है. जल्द ही उसे भी पूरा करा दिया जाएगा.
प्राचार्य सूर्यमणि सिंह ने कालेज में शिक्षा की स्थिति बेहतर होने के साथ साथ व्यवस्था में काफी सुधार होने की बात कही. उन्होंने कहा कि कालेज का निरंतर विकास होने से विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है. उन्होंने परीक्षा परिणाम भी बेहतर होने की बात कही. मौके पर विधायक प्रतिनिधि अजीत सिंह, प्रोफेसर शशि भूषण सिंह, चंदन सिंह, गुड्डू सिंह, राजकुमार ठाकुर, विनय पासवान, अजय चंद्रवंशी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट: जफ़र हुसैन, पलामू
4+