भारतीय महिला फुटबॉल टीम की कप्तान अष्टम उरांव पहुंची दुमका, मंत्री डॉ लुइस मरंडी से की भेंट


दुमका (DUMKA) : अंडर 17 भारतीय महिला फुटबॉल टीम की कप्तान अष्टम उरांव दुमका पहुंची. परिसदन में पूर्व मंत्री डॉ लुइस मरांडी ने पुष्प गुच्छ देकर अष्टम उरांव का स्वागत किया. दरअसल, अष्टम उरांव पाकुड़ में आयोजित एक प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पाकुड़ जाने के क्रम में दुमका परिसदन में कुछ देर के लिए ठहरी थी.
अष्टम उरांव ने सरकार से लगाई गुहार
मीडिया से बात करते हुए अष्टम उरांव ने कहा कि पहली बार संथाल परगना प्रमंडल आने का मौका मिला. लेकिन जो जानकारी है, उसके अनुरूप यहां प्रतिभा की कमी नहीं है. यहां की कई लड़कियों ने खेल के क्षेत्र में अपना परचम लहराया है. अभी भी कई लड़कियां खेल के क्षेत्र में अपना कैरियर बनाने के लिए संघर्ष कर रही है. लेकिन जो सुविधाएं उन्हें मिलनी चाहिए वो नहीं मिल रही है. सरकार को इस पर ध्यान देने की जरूरत है.
महिला खिलाड़ी के संघर्ष को समझती हूं - मंत्री डॉ लुइस मरंडी
वहीं पूर्व मंत्री डॉ लुइस मरंडी ने अष्टम उरांव को शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से आदिवासी समाज की एक बेटी घर से निकल कर अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा रही है तो उसके संघर्ष को समझा जा सकता है. उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में जब वो मंत्री थी तो खेल के विकास के लिए कई कार्य किए गए. लेकिन वर्तमान राज्य सरकार खेल को बढ़ावा देने में उदासीन रवैया अपना रही है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
4+