गर्म माड़ के टब में गिरने से आंगनबाड़ी में पढ़ने वाली दो मासूम बहनों की मौत, गांव में मचा चीख पुकार  

    गर्म माड़ के टब में  गिरने से आंगनबाड़ी में पढ़ने वाली दो मासूम बहनों की मौत, गांव में मचा चीख पुकार  

    पलामू(PALAMU): स्कूल में मां-बाप बच्चे शिक्षक के भरोसे भेजते हैं. बच्चे भी शिक्षक को अपना आदर्श मानते हैं, मां-बाप के बाद किसी का आदर करते हैं तो वो शिक्षक होते हैं. लेकिन अगर स्कूल से आपके बच्चे लौटे ही ना तो फिर आप पर क्या गुजरेगी. ऐसा ही हुआ है पलामू जिला के तरहसी प्रखण्ड के सेलारी पंचायत के मध्य विद्यालय में. यहां आंगनबाड़ी में पढ़ने वाली दो बहन चावल के गर्म माड़ में गिर गई. आनन-फानन में दोनों बहनों को परिजन मेदिनीनगर सदर अस्पताल लेकर गए. जहां से उन्हे रिम्स रेफ़र किया गया. रिम्स के बर्न वार्ड में इलाज के 12वें दिन दोनों बच्चियों ने दम तोड़ दिया.     

    24 नवंबर को हुआ था हादसा           

    बता दें कि 24 नवम्बर को छेचानी मध्य विद्यालय में मध्याहन भोजन के लिए बनाए गए चावल का गर्म माड़ खुले में रख दिया गया था. मध्य विद्यालय के पुराने भवन में गांव का आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित होता है. यहां परमेश्वर साहू की दो पुत्री शिबू कुमारी एवं ब्यूटी कुमारी आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई करने आई थी. खेलने के क्रम में दोनों बहन गर्म माड़ से भरे टब में गिर गई थी. आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया था. दो दिनों के बाद दोनों को मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. यहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स ले जाने का निर्णय लिया गया था. 27 नवम्बर की देर रात तरहसी के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सचिदानंद महतो ने अपनी देखरेख में दोनों बच्चियों को इलाज के लिए रांची रिम्स के बर्न वार्ड में भर्ती कराया था. साथ ही जिला प्रशासन से निर्गत 50 हजार रूपये का चेक प्रदान किया था.

    12 दिन बाद तोड़ा दम

    रांची रिम्स के बर्न वार्ड में इलाज के दौरान 12 दिन बाद छोटी बच्ची ने दम तोड़ दिया, जबकि 13वें दिन बड़ी बहन की मौत हो गई. मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है. माता पिता और अन्य लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है. तरहसी के सीडीपीओ सचिदानंद महतो ने बताया कि दोनों शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा.

    प्रधानाध्यापिका को पद से हटाया गया

    प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी परमेश्वर साव ने संकुल साधन सेवी की रिपोर्ट पर सचिव सह प्रधानाध्यापक उमा देवी से स्पष्टीकरण पूछते हुए उन्हें सचिव सह प्रधानाध्यापिका के पद से हटा दिया है. संयोजिका शोभा देवी और रसोईया कालो देवी और सविता देवी को कार्य मुक्त कर दिया गया है. विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र साव को भी शोकॉज किया गया है. सेविका अनिता देवी को भी शोकॉज किया गया था, लेकिन हटाने या चयनमुक्त करने की कार्रवाई अबतक नहीं की गई है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news