EXCLUSIVE - चास बैंक डकैतीकांड का 'मास्टरमाइंड' 15 लाख नगदी और हथियार के साथ धराया , धनबाद के अपराधी भी थे शामिल


धनबाद(DHANBAD): चास के इंडियन बैंक डकैतीकांड के तार धनबाद, गिरिडीह और बिहार से जुड़े हुए है. पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद कांड का लगभग खुलासा हो गया है. बताया जाता है कि बोकारो पुलिस की सूचना पर धनबाद के सुदामडीह थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक ने चास पुलिस के साथ धनबाद के भौरा अस्पताल मोड़ से कांड में कथित रूप से शामिल दिनेश यादव, शुभम यादव को एक पिस्टल और लूट की कुछ रकम के साथ पकड़ा .
यह भी जानकारी मिली है कि डकैती कांड का मास्टरमाइंड बिहार के बिहार शरीफ का रहने वाला जितेंद्र सिंह है. जितेंद्र सिंह व उसके एक अन्य सहयोगी को गिरिडीह, धनबाद और बोकारो पुलिस ने बगोदर टोल नाका के पास से तीन पिस्टल और 15 लाख नगदी के साथ गिरफ्तार कर लिया है. वह लोग बस में सवार होकर बिहार जा रहे थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए. सूत्रों की मानें तो इस पूरे कांड के दो आरोपी अभी फरार चल रहे है. पुलिस सूत्रों पर भरोसा करें तो बिहारशरीफ के रहने वाले जितेंद्र सिंह ने ही लूट कांड की योजना बनाई थी.
उसने पहले शुभम यादव से संपर्क किया , फिर बाद में उसने भौरा के राजा यादव ,दिनेश यादव और बलियापुर के उमेश महतो से संपर्क साधा. पिछले एक सप्ताह से बैंक की रेकी की जा रही थी और उसके बाद बुधवार को घटना को अंजाम देकर लगभग 39 लाख रुपए लूट लिए गए. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि अपराधी भौरा में जुटे और तीन मोटरसाइकिल पर सवार होकर चास के लिए निकले. घटना को अंजाम देने के बाद वह सभी तलगाडिया मोड़ होते हुए अमलाबाद के रास्ते भौरा पहुंचे और पैसों का बंटवारा कर अपने अपने रास्ते निकल गए.
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पहले भौरा अस्पताल मोड़ से शुभम यादव को पकड़ा. सीसीटीवी फुटेज में शुभम का चेहरा साफ दिख रहा था. उसे पूछताछ के बाद भौरा से ही दिनेश यादव को हिरासत में लिया गया. पुलिस कार्रवाई की सूचना पाकर भौरा के राजा यादव फरार हो गया. धराये अपराधियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि जितेंद्र सिंह बस से जा रहा है. इसके बाद टीम ने गिरिडीह पुलिस और धनबाद पुलिस सहित बोकारो पुलिस से संपर्क किया और छापामारी कर बगोदर टोल प्लाजा से जितेंद्र सिंह को 15लाख रुपए और तीन पिस्टल के साथ धर दबोचा. इस पूरे मामले की निगरानी धनबाद एसएसपी, बोकारो एसपी ,सहित धनबाद और बोकारो के सात डीएसपी कर रहे थे.
4+