टीपीएसएल समूह के मालिक के आवास और हेड ऑफिस में आयकर विभाग का छापा
.jpeg&w=3840&q=70)
.jpeg&w=3840&q=70)
चाईबासा (CHAIBASA) - चाईबासा में टीपीएसएल समूह के आवास व कार्यालय में बुधवार की सुबह करीब 8:00 बजे आयकर अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई शुरू की है. जमशेदपुर और रांची से आई संयुक्त टीम ने यहां आयकर से संबंधित अपनी जांच शुरू की है. बता दें कि 30 से अधिक आयकर अधिकारी जांच के लिए कंपनी के कार्यालय और आवास में पहुंचे हैं. हालांकि यह रेड है या सर्वे यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.
कई जगह हैं कंपनी के कार्यालय
बता दें कि टीपीएसएल समूह मुख्य रूप से लौह अयस्क के कारोबार से जुड़ा हुआ है. चाईबासा में कंपनी का हेड ऑफिस है. इसके अलावा कोलकाता राउरकेला में भी इसके कार्यालय हैं. कंपनी का पश्चिम सिंहभूम जिला के नवामुंडी प्रखंड में आवंटित लौह अयस्क खदान 10-12 साल से बंद है. कंपनी के नाम से एक खदान ओडिशा के जोड़ा में आरपी साव के नाम से आवंटित थी. इसकी लीज अवधि 31 मार्च 2020 में ही समाप्त हो चुकी है. वर्तमान में ओडिशा के झाड़सुगुड़ा में टीपीएसएल गोल्ड के नाम से स्टील रॉड का उत्पादन किया जा रहा है. कंपनी का एक स्पंज कारखाना राउरकेला में भी संचालित हो रहा है. आयकर विभाग की टीम 10 से 12 गाड़ियों में सुबह-सुबह चाईबासा पहुंची और जांच में लगी है. बहरहाल मामले में आयकर अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से मना कर रहे हैं.
रिपोर्ट : संतोष वर्मा, चाईबासा
4+