मतदान के लिए मतपेटिका के साथ मतदानकर्मी रवाना, उपायुक्त के साथ एसपी भी रहे मौजूद


चतरा (CHATRA) : त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन-2022 के प्रथम चरण के चुनाव के मद्देनजर चतरा कॉलेज के मल्टीपर्पस हॉल में मतदान कर्मियों को चतरा, प्रतापपुर एवं कुन्दा प्रखंड में निर्धारित क्लस्टर के लिए चुनाव हेतु मतपेटिका समेत कई आवश्यक सामग्रियों के साथ रवाना किया गया. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन मौके पर मौजूद रहे एवं कई जरूरी आवश्यक निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया.
तीन प्रखंडों में होगा 14 मई को मतदान
मतदान कर्मियों के साथ टैग किए गए सुरक्षा कर्मियों को भी प्रथम चरण के चुनाव को लेकर चतरा, प्रतापपुर एवं कुन्दा प्रखंड में बने क्लस्टर के लिए रवाना किया गया. तीन प्रखंडो में 14 मई को सुबह 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान का समय निर्धारित है, जिसे देखते हुए मतदान कर्मियों को पूर्व से तय क्लस्टर के लिए रवाना किया गया है. इससे तय समय पर सुचारू ढंग से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ कराई जा सके. इस दौरान मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त, उत्कर्ष गुप्ता, अपर समाहर्ता, पवन कुमार मंडल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा, अविनाश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी गौरांग महतो, एनडीसी राम नारायण खलखो समेत अन्य जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे.
रिपोर्ट: संतोष कुमार, चतरा
4+