अवैध खनन स्थलों पर सीआईएसएफ की छापेमारी, कोयला संचालकों के बीच अफरा तफरी


धनबाद (DHANBAD): गलफरबारी ओपी क्षेत्र के बर्न स्टैंडर्ड के पास अवैध खनन स्थल पर शीतलपुर सीआईएसएफ की टीम ने छापेमारी की. छापेमारी में भारी मात्रा में कोयला के साथ कोयला लदा ट्रैक्टर का डाला और तीन बाइक जब्त किया गया. जब्त कोयले और बाइक को स्थानीय पुलिस को आगे की कार्रवाई लिए सौंप दिया गया है. वहीं सीआईएसएफ द्वारा अचानक की गई छापेमारी से अवैध कोयला संचालकों में अफरा तफरी मच गई है.
महीनों से चल रहा अवैध कोयला का कारोबार
जानकारी के अनुसार बीते कुछ महीनों से बर्न स्टैंडर्ड फैक्ट्री के पीछे एक सौ से अधिक मुहाना खोल कर अवैध तरीके से कोयला निकालने का काम चल रहा है. जमा कोयला को आस पास के भट्टा में खपाया जाता है. जिसके बाद उसे ट्रक से बाहर भेजा जाता है. कोयले का यह अवैध कारोबार बहुत ही संगठित तरीके से चल रहा है. जिसे रोकने में प्रशासन विफल रही है.
धनबाद हावड़ा रेल मार्ग पर खतरा
बता दें कि यह अवैध उत्खनन स्थल धनबाद हावड़ा रेल लाइन से महज कुछ दूरी पर स्थित है. लगातार हो रहे अवैध उत्खनन से भू धसान की संभावना बनी रहती है. जिससे कभी भी बड़ी घटना घट सकती है. समय रहते अगर इस अवैध खनन को नही रोका गया तो धनबाद हावड़ा रेल मार्ग भी खतरे में आ सकता है.
रिपोर्ट : विनोद सिंह, निरसा/धनबाद
4+