बिजली विभाग का अनोखा खेल : बत्ती गुल, मीटर चालू..!
.jpeg&w=3840&q=70)
.jpeg&w=3840&q=70)
चाईबासा (CHAIBASA) - मनोहरपुर प्रखंड के सारंडा जंगल स्थित छोटानागरा पंचायत के गांवों में सरकार ने बिजली की व्यवस्था तो कर दी है. लेकिन वह भी ग्रामीणों के लिए किसी काम नहीं आई. बता दें कि छोटानागरा पंचायत के विभिन्न गांवों में लगा ट्रांसफार्मर दो वर्षों से खराब और जला हुआ है. अब तक उसे ठीक नहीं किया गया है. इससे विभिन्न गांवों के सैकड़ों परिवार आज भी बिजली का लाभ नहीं ले पा रहे हैं. वहीं, बिजली सुविधा से वंचित उपभोक्ताओं को विभाग द्वारा प्रत्येक माह बिल भेजा जा रहा था. हालांकि ग्रामीणों के शिकायत के बाद विभाग द्वारा बिल भेजना बेद कर दिया गया है.
2018 से खराब पड़ा है ट्रांसफार्मर
इस संबंध में जोजोगुटू गांव के मुंडा कानूराम देवगम ने बताया की बिजली की आपूर्ति कितने घंटे हो रही है. यह पता नहीं. क्योंकि गांव के छः ट्रांसफार्मर पिछले दो वर्षो से खराब हैं. इस वजह से लोग अंधेरे में रह रहे हैं. खराब ट्रांसफार्मर को बदलने या ठीक करने के लिए विभागीय अधिकारी से लेकर सांसद, विधायक आदि को अनेकों बार अवगत कराया गया लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हुआ है. वहीं दुबिल गांव निवासी वीर सिंह हांसदा ने बताया गांव के स्कूल टोला, हेंदेदिरी टोला, लोहार टोला, बेड़ा दुबिल, मुंडा टोला और जोजोपी टोला के कुल छह ट्रांसफार्मर वर्ष 2018 से खराब है. जिसे ठीक नहीं किया गया. गांव मे जिस टोला में ट्रांसफार्मर है वहां 20 घंटे बिजली रहती है. हालांकि, छोटानागरा निवासी सुशेन गोप व पंकज ने बताया की पहले से बिजली की स्थिति में काफी सुधार हुआ है. वर्तमान में लगभग 20 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही थी लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ ही दिन में अब बिजली काटी जाने लगी है. कुछ माह पूर्व तक बिजली की स्थिति अत्यंत खराब थी. वहीं धर्मरगुटू निवासी मोहन हंसदा ने बताया की हमारे गांव का दोनों ट्रांसफार्मर पिछले एक वर्ष से खराब है. इस कारण गांव के ग्रामीण बिजली का लाभ नहीं ले पा रहे हैं. गांव के चार-पांच लोगों ने मिलकर लंबा तार खरीदकर दूसरे टोला से बिजली कनेक्शन कर अपने-अपने घरों में जैसे-तैसे बिजली जला रहे हैं. लेकिन कार्बन लगने या अन्य वजह से बिजली की आंख मिचौली जारी रहती है. उल्लेखनीय है कि ऐसा ही हाल छोटानागरा पंचायत के सोनापी, राजाबेड़ा जामकुंडिया, बाईहातु, तितलीघाट, बहदा, बढुईया आदि तमाम गांव का है. अर्थात गांव के कुछ टोला में बिजली रहती है तो कुछ टोला ट्रांसफार्मर खराब होने की वजह से वर्षो से अंधेरे में है.
गांव की आबादी त्रस्त
खराब ट्रांसफार्मर को वर्षो से बदला नहीं जा रहा है. इससे पंचायत की आधी से अधिक आबादी इस भीषण गर्मी में बिजली नहीं रहने से त्रस्त है. बिजली के अभाव में मोटर नहीं चल पाता है, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित रह रही है. इसका साथ ही ग्रामीणों को पानी के लिये नदी-नालों की ओर रूख करना पड़ रहा है. साथ ही गांव में लगा स्ट्रीट लाईट भी खराब है.
रिपोर्ट : संदीप गुप्ता, गुवा/चाईबासा
4+