पटना की दुल्हन और धनबाद का दूल्हा , शादी तो हुई लेकिन हाई वोल्टेज ड्रामा वाली


धनबाद (DHANBAD) : बिहार के पटना की दुल्हन और धनबाद के भूली का दूल्हा, शादी तो देर रात आनन-फानन में ही सही धनबाद के भुईंफोड़ मंदिर में हो गई लेकिन इसके पहले दिन भर हाई वोल्टेज पारिवारिक ड्रामा चला. इधर दुल्हन मेहंदी रचा कर शादी के लिए तैयार थी तो उधर दूल्हा गायब हो गया. इसके बाद जो ड्रामा शुरू हुआ, वह कई घंटों तक चला. अंत में धनबाद महिला थाना के हस्तक्षेप से मामला सलटा और देर रात दोनों की मंदिर में शादी हुई.
भूली के रहने वाले रेलकर्मी रत्नेश से तय हुई थी शादी
बताया जाता है कि पटना की लड़की की शादी धनबाद के भूली के रहने वाले रेलकर्मी रत्नेश से तय हुई थी. उसके बाद नाटक शुरू हुआ और नाटक यहां तक पहुंच गया कि लड़का बिना कुछ बोले -बताएं शादी के दिन गायब हो गया. कोई रास्ता नहीं देख, लड़की वाले महिला थाना पहुंचे और अपनी पूरी कहानी बताई. लड़की ने पुलिस को बताया कि 4 जुलाई 21 को पटना में रत्नेश के सभी रिश्तेदारों के समक्ष छेका हुआ था. उसी दिन शादी की तिथि भी तय कर दी गई. लड़की ने बताया कि मेरे परिजन शादी की तैयारी में जुट गए. सभी खरीदारी कर ली गई, इसी बीच शादी तोड़ने की साजिश शुरू हुई. लड़की ने मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया.
पुलिस ने दिखाई पूरी संवेदनशीलता
धनबाद महिला थाना ने पूरी संवेदनशीलता दिखाई और लड़के और उसके परिजनों को थाना बुलाया. हालांकि थाने में भी खूब हंगामा हुआ. शाम को रत्नेश भी थाना पंहुचा. उसके बाद उसे काफी समझाया -बुझाया गया. काफी देर तक काउंसलिंग के बाद दोनों पक्ष राजी हुए, तब फिर रात में ही में भुईंफोड़ मंदिर में शादी करा दी गई. रत्नेश रेलवे का कर्मचारी है, उसे नौकरी का भी भय दिखाया गया. उसके बाद बताते हैं कि लड़के के परिवार वाले नरम पड़ गए और शादी के लिए हामी भर दी.
4+