पलामू मॉर्निंग अपडेट्स : एक नजर में पढ़िए पलामू के अखबारों की क्या हैं हेडलाइंस


अगर सुबह की हड़बड़ाहट में नहीं पढ़ पाए हैं न्यूज पेपर, तो एक नजर में पढ़िए खास खबरें. गुरुवार, दिनांक 17 मार्च 2022 को पलामू के कुछ प्रमुख अखबारों की हेडलाइंस इस प्रकार हैं-
लातेहार में पहले दिन 1200 बच्चों का टीकाकरण : लातेहार /महुआडांड़: राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के मौके पर बुधवार से 12 से 14 साल के बच्चों का कोविड-19 टीकाकरण शुरू हो गया. जिले भर में नियमित स्वास्थ्य केंद्र और मध्य विद्यालय में टीका केंद्र बनाए गए थे. पहले दिन 12 सौ से अधिक बच्चों ने टीका लिया. (प्रभात ख़बर)
पलामू के गेठा में नहीं हुआ है ग्रामीणों की ज़मीन का सीमांकन : नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड के गेठा गांव में अखिल भारतीय किसान महासभा के नेतृत्व में मजदूर व किसानों ने बैठक कर समस्याओं पर विचार किया. महासभा के पलामू जिला सचिव सह लेस्लीगंज व सतबरवा प्रभारी के प्रभारी कमेश सिंह चेरो ने मंगलवार को हुई बैठक की अध्यक्षता की जबकि बतौर मुख्य अतिथि महासभा के पलामू प्रमंडल प्रभारी बीएन सिंह ने संबोधित किया. बैठक में यह बात सामने आई कि 1989 व 1996 में गेठा के 80 दलितों को जमीन का पर्चा मिला है, जिनका ऑनलाइन रसीद मिल गया परंतु सीमांकन लंबित है. (हिंदुस्तान)
बच्चों के भरण पोषण के लिए सरकारी लाभ का मांग : बुधवार को समाहरणालय के सभागार में आयोजित जनता दरबार में कुल 46 आवेदन प्राप्त हुए. उसमें शहर के टंडवा मोहल्ला निवासी स्व. कृष्णा सोनी की पत्नी मुन्नी कुंवर ने आवेदन देकर परिवार के भरण-पोषण के लिए सरकारी लाभ मुहैया कराने की गुहार लगाई. उन्होंने कहा कि इकलौते पुत्र विनय सोनी की सड़क दुर्घटना में डेढ़ वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी. परिवार में दो विधवा महिलाओं के अलावा चार नाबालिक बच्चे हैं. परिवार के पास आय का कोई अन्य साधन नहीं है. (हिंदुस्तान)
किसानों को धान का भुगतान अविलंब करें – डीसी : बुधवार को डीसी रमेश घोलप ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में की. पहली बैठक धान क्रय को लेकर की. उन्होंने लक्ष्य के विरुद्ध धान खरीद और पैक्स के माध्यम से खरीदे गए धान के उठाव की समीक्षा किया . (प्रभात ख़बर)
डिप्टी मेयर व सहायक नगर आयुक्त से वार्ता के बाद सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त : पांच सूत्री मांगों को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार आंदोलन बुधवार को दोपहर बाद खत्म हुआ. झारखंड लोकल बॉडीज इम्पलाईज फेडरेशन की मेदिनीनगर इकाई के बैनर तले निगम के सफाईकर्मी 15 मार्च से कार्यबहिष्कार आंदोलन पर थे. (हिंदुस्तान)
रिपोर्ट : अमन प्रताप सिंह, पलामू
4+