झारखंड में फिर मॉब लिंचिंग ! अवैध संबंध के शक में अधेड़ और महिला की पेड़ में बांध कर पिटाई, निर्वस्त घुमाया


दुमका (DUMKA) - झारखंड सरकार द्वारा सदन में मॉब लिंचिंग बिल पास हुआ, इसके बावजूद समाज के तथाकथित ठीकेदार कानून को हाथ मे लेने से बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला दुमका जिला के मसलिया थाना क्षेत्र के एक गांव का है जहां से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां बीती देर रात अवैध संबंध के शक में दो लोगों को गांव भर के लोगों ने मिल कर प्रताड़ित किया.
क्या है मामला
घटना 12 मार्च के शाम की है. अवैध सबंध के शक में ग्रामीणों ने गांव के एक अधेड़ और एक महिला की पेड़ में बांध कर पिटाई की. इतने से भी जब मन नहीं भरा तो दोनों को निर्वस्त्र कर गांव के तीन टोलों में लाइट के साथ घुमाया. गनीमत रही कि समय पर पुलिस पहुंची और दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त करने के बाद इलाज के लिए भर्ती कराया. मसलिया में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. यहां दोनों का इलाज चल रहा है. पुलिस ने त्वरित कार्यवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. बता दें कि पीड़ित महिला आदिवासी है जबकि पुरुष सुनील गैर आदिवासी. अवैध संबंध की बाबत दोनों ने इनकार किया है. महिला का कहना है कि वह सुनील का खेत बटाई पर करती है. एक ही गांव में होने के कारण जान पहचान है. कल भी उसके खेत से काम कर लौटने के क्रम में 15 से 20 की संख्या में ग्रामीणों ने पहले सुनील को पकड़ा फिर उसे भी एक ही पेड़ में बांध कर पिटाई की, फिर निर्वस्त्र कर गांव घुमाया.
अस्पताल पहुंच पीड़ित से मिले अधिकारी
इस संबंध में एसपी अम्बर लकड़ा ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाई की जाएगी. वहीं सोमवार को सभी गिरफ्तार आरोपी को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया जाएगा. उधर कानून ने भी अपना काम शुरू कर दिया है. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के नेतृत्व में एक टीम ने फूलो झानो मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पीड़ित और पीड़िता से मिलकर घटना की जानकारी ली. सरकारी वकील के साथ मुआवजा की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. तत्काल राशन उपलब्ध कराया गया. लेकिन सवाल उठता है कि कानून को हाथ मे लेने का अधिकार तथाकथित समाज के ठीकेदारों को किसने दिया. आखिर किसके संरक्षण में संथाल परगना प्रमंडल में इस तरह के घटना की पुनरावृत्ति हो रही है.
रिपोर्ट : पंचम झा, दुमका
4+